राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मनरेगा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस मंगलवार को विधानसभा का घेराव करेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में होने वाले विधानसभा के घेराव को टालने के लिए पुलिस ने 24 घंटे पहले से ही कांग्रेस नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद करना शुरू कर दिया है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विशेष तौर पर बैरीकेडिंग कर दी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की समग्र आर्थिक प्रणाली को चलाने वाला आधार स्तंभ है। यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। कांग्रेस द्वारा शुरू की गई इस योजना को केंद्र सरकार खत्म कर कर रही है। इसे बचाने के लिए कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू किया गया है।
विधानसभा के घेराव का किया है आह्वान
इसके तहत सभी जिले में चौपाल, धरना प्रदर्शन एवं लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस ने मंगलवार को विधानसभा घेराव के लिए प्रदेश भर के कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं से विधानसभा घेराव का आह्वान किया है।
यह भी पढ़ें- UP में जनगणना-2027 के लिए 27 जिलों के मास्टर ट्रेनरों की ट्रेनिंग कल से शुरू, 285 लोगों को मिलेगा प्रशिक्षण
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विधानसभा घेराव के कार्यक्रम से डरी सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को लखनऊ पहुंचने से रोकने के लिए उन्हें उनके घरों पर ही पुलिस की तैनाती कर नजरबंद किया जा रहा है। |