गोल्डन टेंपल के तीन विवादित AI वीडियो वायरल हुए
जागरण संवाददाता, अमृतसर। सोशल मीडिया पर अमृतसर के गोल्डन टेंपल से जुड़े तीन विवादित AI वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहले विवादित AI वीडियो में एक लड़का जूते पहनकर गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा में खड़ा दिखाई देता है और फिर कार में बैठकर परिसर से बाहर जाता नजर आता है।
दूसरे वीडियो में श्री दरबार साहिब का परिवर्तित दृश्य दिखाया गया है, जो सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। वहीं, तीसरे वीडियो में कपल को गोल्डन टेंपल के सामने आपत्तिजनक हरकत करते हुए दिखाया गया है।
एसजीपीसी ने पुलिस को दीं दो शिकायतें
इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन अमृतसर ने 29 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) और धारा 353(2) व 353(3) (धार्मिक स्थल से संबंधित सामग्री के माध्यम से समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने) के तहत केस दर्ज किया है। FIR की कॉपी अब सामने आई है।
AI का दुरुपयोग रोकने बनाई थी कमेटी
SGPC ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते दुरुपयोग को गंभीरता से लिया है। सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ AI तकनीक के माध्यम से बनाई जा रही वीडियो, तस्वीरों और अन्य डिजिटल सामग्री के मामलों पर नियंत्रण के लिए SGPC ने एक विशेष उप-समिति का गठन किया है।
यह निर्णय SGPC की अंतरिम समिति की बैठक में 13 अक्टूबर 2025 को प्रस्ताव संख्या 1002 के तहत लिया गया था। इस उप-समिति का उद्देश्य AI से जुड़े मामलों पर विशेषज्ञों की राय लेना और ऐसे डिजिटल कंटेंट पर रोक लगाने के लिए ठोस सुझाव तैयार करना है, जो सिख धर्म, गुरु परंपरा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। |
|