सन्नी रिटौली के गुर्गे की हत्या, मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, रोहतक। हरियाणा के रोहतक में दिल्ली बाईपास स्थित एक हॉस्पिटल के सामने सोमवार देर शाम गैंगवार हो गई। दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश की मौत हो गई।
हिमांशु भाऊ गैंग और सन्नी रिटौली के गुर्गे के बीच गैंगवार हुई है। भाऊ गैंग ने सन्नी रिटौली के साथी दिनेश गोगा की 25 गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। यह घटना दिल्ली बाइपास स्थित नोबल हार्ट अस्पताल के सामने हुई है।
रोहतक में अस्पताल के बाहर मर्डर केस में हिमांशु के प्रतिद्वंद्वी सन्नी रिटौली के साथी सोनीपत के फरमाना माजरा के दिनेश उर्फ गोगा की हत्या की गई है। करीब एक साल पहले दिनेश उर्फ गोगा, सन्नी रिटौली के साथ अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार हुआ था।
करीब एक माह पहले रिटौली में सन्नी और भाऊ गैंग में गैंगवार हुई थी। भाऊ गैंग के एक बदमाश की जान गई थी। कई घायल हुए थे। दिनेश उर्फ गोगा पर दिनेश पर भी हत्या व हत्या के प्रयास सहित कई केस दर्ज हैं। |