LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 880
नोएडा एयरपोर्ट के पास बिल्डर परियोजना में घर खरीदने का मौका मिलेगा। (सांकेतिक तस्वीर)
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने सोमवार को ग्रुप हाउसिंग श्रेणी के तीन भूखंडों का नीलामी से आवंटन किया। इन भूखंडों के रिजर्व मूल्य से 106.11 करोड़ से अधिक राजस्व यीडा को मिला है। ग्रुप हाउसिंग के भूखंड आवंटन से लोगों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक बिल्डर परियोजना में घर खरीदने का मौका मिलेगा।
यमुना प्राधिकरण में ग्रुप हाउसिंग श्रेणी में भूखंडों की मांग में तेजी आई है। इस तेजी का कारण यीडा क्षेत्र में तेजी से बढ़ा विकास है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क समेत औद्योगिक पार्कों के बाद प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर इकाई का निर्माण भी शुरू होने जा रहा है।
आवासीय मांग को देखते हुए यीडा ने 2025 में ग्रुप हाउसिंग के 16 भूखंड की योजना निकाली थी। इसमें तीन भूखंडों के लिए सोमवार को बोल लगाई गई। सेक्टर 18 में 16188 वर्गमीटर का भूखंड के लिए मैसर्स प्रोविंस डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड ने 95.48 करोड़ की उच्चतम बोली लगाई।
प्राधिकरण ने इस भूखंड का मूल्य 89.23 करोड़ निर्धारित किया था। सेक्टर 19 में 89.23 करोड़ रुपए के सापेक्ष 104.70 करोड़ की बोली लगाकर मैसर्स एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रापर्टीज लिमिटेड ने भूखंड हासिल किया।
सेक्टर 22 डी में तीसरे 20235 वर्गमीटर के भूखंड के लिए मैसर्स नार्थ विंड एस्टेट ने उच्चतम बोली लगाकर हासिल किया। बिल्डर ने भूखंड को आरक्षित रकम 106.23 करोड़ के सापेक्ष 189.09 करोड़ की बोली लगाई। तीनों भूखंड के लिए यीडा ने 283.16 करोड़ के सापेक्ष 389.27 करोड़ राजस्व मिला है। जो 106.11 करोड़ अधिक है।
2024-25 में आठ भूखंड आवंटित कर चुका है यीडा
यमुना प्राधिकरण पिछले वित्त वर्ष में ग्रुप हाउसिंग श्रेणी के आठ भूखंड का आवंटन कर चुका है। इससे प्राधिकरण को अच्छा राजस्व मिलने के अलावा तकरीबन 15 हजार लोगों को रहने के लिए घर मिलेूगा। ग्रुप हाउसिंग श्रेणी में 12 भूखंड के लिए प्राधिकरण की योजना अभी जारी है। |
|