LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 308
सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। गोली लगने से घायल कांवड़िए की उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मेरठ से शव घर लाया जाएगा। इस मामले में मृतक की पत्नी ने गांव के पूर्व प्रधान व उसके भाई के विरुद्ध जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जिसे अब हत्या की धाराओं में तरमीम किया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूर्व प्रधान व उसके भाई पर प्राथमिकी दर्ज शनिवार को घायल अवस्था मे मिला था हरिओम
शनिवार सुबह नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव मुकारी के जंगल में लगभग सात बजे गांव निवासी किसान चंद्रपाल सिंह खेत पर गए थे। उन्होंने वहां एक युवक कंबल ओढ़े पड़ा देखा। कंबल हटा कर देखा तो उसे गोली लगी थीं तथा वह खून से लथपथ था। एक गोली उसके सीने में तो दूसरी कमर में लगी थी। थोड़ी देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी आ गई थी। जिस स्थान पर युवक पड़ा था वहां से थोड़ी दूरी पर नमकीन के पैकेट, पकौड़ी व शराब की बोतल भी पड़ी मिली है।
हरिओम के रूप में हुई थी पहचान
पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी शिनाख्त हरिओम सिंह निवासी गांव सलामतपुर थाना डिडौली के रूप में हुई थी। हरिओम सिंह के परिवार में पत्नी शीशकौर व चार बेटी बबीता, मंजू, रितिका व गुंजन हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। हरिओम के माता-पिता की भी कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह परिवार के इकलौते थे। शनिवार को ही प्राथमिक उपचार के बाद हरिओम को बेहतर उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
पत्नी ने दी थी इनके खिलाफ तहरीर
वहीं इस मामले में पत्नी शीशकौर की तहरीर पर गांव सलामतपुर के पूर्व प्रधान टिंकू व उसके भाई पिंकू के विरुद्ध जमलेवा हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पत्नी का कहना था कि कुछ दिन पहले उसके पति हरिओम ने ट्रैक्टर बेचा था। जिसके पैसे टिंकू की तरफ थे। वह पैसे नहीं दे रहा था। इसीलिए ही वह रंजिश मानता था। बताया कि हरिओम 13 फरवरी की शाम को कांवड़ लेने घर से निकले थे। जोया तक उनके छोटे दामाद लेकर गए थे। उसके बाद वह बस से हरिद्वार के लिए चले गए थे।
शनिवार रात को हुई हरिओम की उपचार के दौरान मौत
उधर शनिवार रात 11 बजे मेरठ में उपचार के दौरान हरिओम की मौत हो गई। किसान की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया।
सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि हरिओम की मौत हो गई है। मेरठ में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जानलेवा हमले की प्राथमिकी को हत्या में तरमीम किया जाएगा। इस मामले में दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही मुख्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। |
|