तौली में हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर कार सवारों से पेट्रोल के रुपये मांगता सेल्समैन
संवाद सहयोगी, जागरण मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहारदून हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर सनसनीखेज घटना हुई। पेट्रोल भरवाकर रुपये दिए बिना भाग रहे कार सवारों को सेल्समैन ने रोनके का प्रयास किया तो उन्होंने उसे कई मीटर तक घसीट दिया। जिसमें सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना से पुलिस के होश उड़ा दिए। तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया हैं। कार को भी जब्त कर लिया है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भैंसी गांव के पास जिला बागपत थाना सिंघावली अहीर के गांव रानगर के सुबोध गिरी का पेट्रोल पंप है। उस पर मेरठ का मनाेज शर्मा सेल्समैन है। सोमवार को पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट कार आकर रूकी। चालक ने दो हजार रुपये का पेट्रोल डलवाया।
सेल्समैन ने चालक से रुपये मांगे तो उसने ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कहा, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इस पर सेल्समैन ने कार सवार युवक को नीचे उतर रुपये देने को कहा तो चालक ने तेजी से कार को आगे बढ़ा दिया। सेल्समैन ने कार की खिड़की को पकड़ लिया। आरोप है कि कार सवार सेल्समैन कई मीटर तक घसीटते हुए ले आए और नावला कोठी के पास छोड़कर फरार हो गए।
इस घटना में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सेल्समैन को मेरठ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। उसमें दिखाई दे रहा है कि कार सवार पहले सामान्य तरीके से पेट्रोल भरवाते है, सेल्समैन रुपये मांगता है तो अचानक तेज रफ्तार से कार लेकर भाग जाते है। सेल्समैन कार की खिड़की पकड़े हुए और घसीटता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया।
इंस्पेक्टर दिनेशचंद्र बघेल ने बताया कि पेट्रोल पंप स्वामी ने आरोपितों के खिलाफ सेल्समैन से गाली-गलौज कर मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर भाग जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपितों और कार की पहचान के लिए पेट्रोल पंप, हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया।
आरोपित एजाज पुत्र इश्तिकार, सुऐब पुत्र गुलशनम व आदिल पुत्र यासीन गांव कूकड़ा थाना नई मंडी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से कार बरामद हुई है।
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु में बैंक लॉकर का रखवाला ही निकला सेंधमार, ग्राहकों का 3.5 करोड़ का सोना ऑनलाइन सट्टे में झोंका |