हस्तसाल-आईटीआई जेल रोड की टूटी सड़क और बन आए गड्ढे।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका और पश्चिमी दिल्ली को जोडने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक, हस्तसाल आईटीआई जेल रोड की सड़क बदहाली की स्थिति में पहुंच गई है। आलम यह है कि पूरी सड़क मलबे और गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे यहां से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों का निकलना दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। कई स्थानों पर तो आधे से एक फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो रात के समय किसी बड़े खतरे से कम नहीं होते। दुपहिया वाहन चालक अक्सर इन गड्ढों का संतुलन बिगड़ने के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। आए दिन यहां छोटे-मोटे हादसे होना अब आम बात हो गई है। स्थिति तब और भयावह हो जाती है जब हल्की बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क व गड्ढे का अंतर खत्म हो जाता है।
यह सड़क केवल स्थानीय कालोनी को नहीं जोड़ती, बल्कि इसका व्यावसायिक और शैक्षिक महत्व भी अत्यधिक है। यह मार्ग विकासपुरी, हस्तसाल जेल रोड को आपस में जोड़ता है, जिससे यह भारी ट्रैफिक वाला इलाका बन जाता है।
हस्तसाल के औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों के लिए यह मुख्य सप्लाई रूट है। यही मार्ग जहां एक ओर पश्चिमी दिल्ली की प्रमुख सड़क नजफगढ रोड से मिलती है वहीं दूसरी ओर से यह सड़क विकासपुरी नांगलोई रोड से मिलती है। इसके कार इस सड़क पर निजी ही नहीं सार्वजिनक वाहनों का भी आना जाना लगा रहता है। एसे में कई स्थानों पर बन गए गड्ढों में भारी माल ढोने वाले वाहनों के पलटने का खतरा हमेशा ही बना रहता है।
इलाके के लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जन प्रतिनिधियों से शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिला है।
सड़क पर पैदल चलना भी दूभर है। उड़ती धूल ने सांस लेना मुश्किल कर दिया है और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। - अशोक गहलोत, स्थानीय निवासी
यह मुख्य व्यापारिक मार्ग है, लेकिन प्रशासन मौन है। शिकायतों के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिलता है। जर्जर सड़क की वजह से हमारा कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। - शिव प्रसाद, स्थानीय निवासी
यह भी पढ़ें- रोहिणी में स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक की सिर में गोली मारकर की हत्या, पुलिस को टिल्लू गैंग पर संदेह |