पाकिस्तार एयरलाइंस का गुब्बारा।
जागरण संवाददाता, पठानकोट। भारत-पाकिस्तान के बॉर्डर से सटे जिले पठानकोट के बॉर्डर एरिया में स्थित गांव भखड़ी में शनिवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब एक किसान के खेत में लगे पानी के ट्यूबवेल से पाकिस्तानी निशान वाला गुब्बारा लटकता मिला। गुब्बारे पर इंग्लिश और उर्दू में ‘पी आई ए’ लिखा हुआ था और उस पर चांद-सितारे का निशान अंकित था।
जानकारी के अनुसार, गांव भखड़ी निवासी किसान कुलदीप चंद शनिवार दोपहर अपने खेतों में काम के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने ट्यूबवेल के पास एक गुब्बारा लटकता देखा। पास जाकर देखने पर उस पर लिखे शब्दों और निशान को देखकर उन्हें संदेह हुआ। किसान ने तुरंत इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में शगुन से एक दिन पहले दुल्हन हुई फरार; आठ महीने पहले हुई थी सगाई, प्रेम प्रसंग की चर्चाएं
गांव वालों ने पुलिस को दी सूचना
सरपंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी बमियाल के प्रभारी विजय कुमार को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में गुब्बारे के साथ कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।
पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि गुब्बारा कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गलत ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में हादसा; महिला गिरी, पहियों की चपेट में आने से दोनों टांगें कुचलीं, हालत गंभीर
जम्मू-कश्मीर के जिलों में भी घटनाएं आ चुकी सामने
गौरतलब है कि पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग के जिला कठुआ के कुछ सीमांत गांवों में भी पिछले दिनों पाकिस्तानी गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं।
सीमा क्षेत्र में इस तरह के गुब्बारे मिलने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कई बार ऐसे गुब्बारे हवा के रुख के कारण सीमा पार से इधर आ जाते हैं, फिर भी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें- युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम में मिली सफलता; फिरोजपुर में 22 किलो हेरोइन संग चार गिरफ्तार, हथियार- ड्रग मनी जब्त |