लोनी के इलायचीपुर में तैयार अन्नपूर्णा भवन। सौ- पूर्ति विभाग
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत करने के लिए अन्नपूर्णा भवन योजना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों के बाद अब नगर निकायों में भी अन्नपूर्णा भवन खोलने की तैयारी है। खास तौर पर नगर निगम गाजियाबाद क्षेत्र में कलस्टर माडल पर अन्नपूर्णा भवन स्थापित किए जाएंगे।
खाद्य रसद विभाग को जिले से कुल 108 अन्नपूर्णा भवनों के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से चारों ब्लाकों के लिए 76 भवनों को स्वीकृति मिली है। इनमें भोजपुर ब्लाक में 25, मुरादनगर में 23, रजापुर में 15 और लोनी ब्लाक क्षेत्र में 13 अन्नपूर्णा भवन शामिल हैं।
इनमें अधिकांश में निर्माण कार्य प्रगति पर है। जो सांसद-विधायक निधि और अन्य माध्यमों से करीब 8.50 लाख रुपये की लागत से तैयार होंगे। प्रत्येक अन्नपूर्णा भवन में दो कक्ष और एक बरामदा होगा। एक कक्ष में पीडीएस से संबंधित गतिविधियां संचालित होंगी, जबकि दूसरे कक्ष में जनसुविधा केंद्र खुलेगा।
200 अन्नपूर्णा भवनों की मांग की जाएगी प्रस्तावित
विभाग की ओर से आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में 200 नए अन्नपूर्णा भवनों की मांग प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम क्षेत्र में बड़ी जगह पर एक ही स्थान पर चार से पांच अन्नपूर्णा भवनों के कलस्टर खोले जाएंगे। इसके लिए नगर निगम के साथ स्थान उपलब्ध कराने को लेकर सहमति बन चुकी है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 556 सस्ते सरकारी गल्ले की दुकानें संचालित हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 180 और शहरी क्षेत्रों में 376 दुकानें शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र की शेष सभी दुकानों को भी चरणबद्ध तरीके से अन्नपूर्णा भवन में तब्दील करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
अन्नपूर्णा भवन में मिलेंगी सुविधाएं
ग्रामीण क्षेत्र में खोले जा रहे अन्नपूर्णा भवन में राशन की दुकानों को अत्याधुनिक रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सीसीटीवी, इंटरनेट और जनसेवा केंद्र (सीएससी) और दैनिक आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की एक छत के नीचे सुविधा मिलेगी।
योजना के तहत राशन कार्ड धारकों को सम्मानजनक और आरामदायक माहौल में राशन उपलब्ध कराने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के वसुंधरा में 10 एकड़ में बनेगा मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खिलाड़ियों को मिलेगी सभी सुविधाएं
अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में अन्नपूर्णा भवन खोलने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे। इस बार वित्तीय वर्ष में सभी नगर निकायों में भी अन्नपूर्णा भवन खोलने के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। निकायों में अधिक जगह मिलने पर अन्नपूर्णा भवन के कलस्टर खोलने की योजना है। इससे पीडीएस व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में आमजन को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। -
अमित तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी |