20 हजार फार्मर आइडी बनाने का लक्ष्य, 6000 बनाने में फूल रहा दम
नवनीत मिश्र, भागलपुर। जिले में प्रतिदिन 20 हजार फार्मर आइडी बनाने का लक्ष्य दिया गया है। लेकिन यहां प्रतिदन अधिकतम 5788 फार्मर आइडी ही बन पा रहे हैं। अभी तक मात्र 110568 किसानों के ही फार्मर आइडी बन पाया है। जबकि जिले के 274158 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।
लक्ष्य तक पहुंचने के लिए 15 फरवरी तक शिविर लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने 50 प्रतिशत फार्मर आइडी बनाने का कार्य पूरा करने को लेकर अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है। कृषि व राजस्व विभाग के कर्मियों के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मियों को भी इस कार्य में लगाया गया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे लाभुकों की घर-घर खोज हो रही है। पर लाभुक मिल नहीं रहे हैं, जो मिल रहे हैं, उनके नाम से जमाबंदी नहीं है। जिनके नाम से जमाबंदी है, उनका आधार व जमाबंदी से मैच नहीं हो पा रहा है। एक लाख से अधिक किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ वंशावली के आधार पर ले रहे थे। इन किसानों के नाम पर जमीन की जमाबंदी नहीं है।
जब तक इन किसानों के नाम पर जमीन की जमाबंदी नहीं होगी, तब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। कई ऐसे किसान हैं, जिनके नाम पर जमीन है, लेकिन आधार कार्ड से मैच नहीं हो पा रहा है। ऐसे किसानों की संख्या भी अच्छी-खासी है। कई ऐसे भी किसान हैं, जो दो अलग-अलग नाम से योजना का लाभ ले रहे हैं। ऐसे किसानों को योजना का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।
तत्कालीन किसान सलाहकार व समन्वयक पर होगी कार्रवाई
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में खेल करने वाले कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई किए जाने की तैयारी चल रही है। तीन कर्मियों पर सेवा समाप्त होने की तलवार लटक रही है। इन कर्मियों से अंतिम रूप से स्पष्टीकरण पूछा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में उनकी सेवा समाप्त की जाएगी। उनके विरुद्ध एफआइआर भी दर्ज होगा।
इसमें गोराडीह के दो और पीरपैंती के एक कर्मी शामिल हैं। गोराडीह प्रखंड के नदियामा पंचायत में किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कृषि विभाग के सलाहकार व समन्वयक ने फर्जी किसानों का रजिस्ट्रेशन कर दिया है। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी ने संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई करते हुए एफआइआर दर्ज करने का आदेश दिया है। संबंधित फाइल जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंच गई है।
एग्री स्टैक योजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री व ई-केवाइसी के कार्यों की समीक्षा के क्रम में गोराडीह प्रखंड के नदियामा पंचायत का निरीक्षण व जनप्रतिनिधि के साथ बैठक के दौरान मुखिया ने मतदाता सूची में करीब सात हजार मतदाता होने की जानकारी दी थी। कृषि विभाग के पोर्टल के अनुसार 11606 पंजीकृत किसान हैं। एक मध्यम आबादी वाली पंचायत में वयस्क आबादी के डेढ़ गुणा किसानों का पंजीकरण यह दर्शाता है कि तत्कालीन किसान सलाहकार व कृषि समन्वयक द्वारा उच्चतम स्तर की लापरवाही बरती गई है।
नदियामा पंचायत में 12 वार्ड हैं। 2021 की मतदाता सूची के आधार पर 6392 व वर्तमान में 6459 मतदाता हैं। उप विकास आयुक्त के निर्देश पर बीडीओ से पत्राचार कर रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसके बाद यह खुलासा हुआ। नदियामा पंचायत में इस \“बड़े खेल\“ के उजागर होते ही प्रखंड की अन्य पंचायतों के कर्मियों और फर्जी लाभुकों में हड़कंप मच गया है।
प्रखंड प्रतिदिन लक्ष्य उपलब्धि
खरीक
700
392
सबौर
700
385
इस्माइलपुर
300
133
कहलगांव
2200
885
जगदीशपुर
1000
385
नारायणपुर
700
237
शाहकुंड
1400
457
रंगराचौक
500
154
सन्हौला
1600
470
बिहपुर
900
265
नवगछिया
600
176
सुल्तानगंज
1600
393
गोपालपुर
500
105
नाथनगर
18,000
362
पीरपैंती
3000
576
गोराडीह
2500
403
|
|