रोड जाम करने के बाद पुलिस के साथ बातचीत करते हुए परिजन।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले के नवां पिंड झावर के पास वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो मासूम चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान मनप्रीत (11) पुत्र मनजिंदर कुमार और हरप्रीत (10) पुत्र तरविंदर कुमार के रूप में हुई है। घायल मनजिंदर कुमार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही थीं। वीरवार को उनकी ड्राइंग की परीक्षा थी और वे नए रंग लेने की जिद कर रहे थे। इस पर मनजिंदर कुमार उन्हें मोटरसाइकिल पर लेकर पास की दुकान से रंग लेने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें- पंजाब में लागू नहीं होगी केंद्र की ‘पीएम-आशा’ योजना, सरकार ने किया इनकार
मृतक बच्चों की फाइल फोटो।
दोनों बच्चे पहियों के नीचे कुचले गए
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे ट्राली के पहियों के नीचे आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद गांव में रोष फैल गया। आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज स्वजनों ने शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे बब्बरी बाइपास पर धरना लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे थाना सदर के प्रभारी अमनदीप सिंह और थाना तिब्बड़ की प्रभारी किरणदीप कौर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें- टिकट ऑफर के आरोपों को सैनी ने बताया बेबुनियाद; कहा- AAP पंजाब से किए वादे पूरे करे, जनता का ध्यान न भटकाए
पुलिस ने कार्रवाई की शुरू
पुलिस ने बताया कि आरोपित बलविंदर सिंह निवासी झावर और बाबी मसीह निवासी बाजेचक्क के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।
हादसे को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। लोगों ने तेज रफ्तार और ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- फिरोजपुर में घरेलू कलह ने लिया खतरनाक रूप; व्यक्ति ने पत्नी-बच्चे को मारी गोली, खुद को भी किया जख्मी |
|