कोचिंग छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी,सड़क जाम
संवाददाता, फुलवारी शरीफ, पटना। फुलवारी शरीफ में 16 वर्षीय कोचिंग छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने कोचिंग संस्थान में दरिंदगी के बाद छत से फेंककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है।
कोचिंग में दरिंदगी का आरोप
परिजनों के अनुसार छात्रा फुलवारी शरीफ स्थित फंडामेंटल कोचिंग में पढ़ाई करने गई थी। आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने उसके साथ दरिंदगी की। विरोध करने पर उसे कोचिंग की छत से नीचे फेंक दिया गया। गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने शरीर पर कई गंभीर चोटों और जख्म के निशान होने का दावा किया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
एम्स में पोस्टमार्टम, रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड द्वारा AIIMS Patna में कई घंटे तक पोस्टमार्टम कराया गया। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन लगने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार सुबह परिजनों ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया। पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
सड़क जाम कर प्रदर्शन, आगजनी की सूचना
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने एम्स गोलंबर के पास सड़क जाम कर दिया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर आगजनी की भी सूचना सामने आई है। हालात काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पूर्व विधायक गोपाल रविदास की 24 घंटे की चेतावनी
सीपीआई(एमएल) नेता और पूर्व विधायक गोपाल रविदास पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने न्यायिक जांच आयोग गठित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है। 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
सीनियर एसएसपी पहुंचे, जांच तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के सीनियर एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा खुद घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जांच के निर्देश दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इलाके में तनाव, सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद फुलवारी शरीफ में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग और अभिभावक छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई पर टिकी है।
यह भी पढ़ें- फुलवारी शरीफ छात्रा मौत मामला: हत्या की आशंका, तीन गिरफ्तार; पप्पू यादव ने उठाए सवाल |
|