शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। फोटो सौ. जागरण
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित एक निजी लॉज में शुक्रवार सुबह उसके मालिक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान जितवारपुर चौथ गांव निवासी पूर्व उपमुखिया राम नारायण सिंह के पुत्र कुमार गौरव (30) के रूप में हुई है। वह लोहागीर पंचायत के चर्चित डीलर देवनारायण सिंह के दामाद बताए जाते हैं।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर शाम कुमार गौरव अपने लॉज स्थित कमरे में सोने गए थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। बताया गया कि कमरा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने और दरवाजा खोलने की कोशिश के बाद अचानक चिटकनी नीचे गिर गई और दरवाजा खुल गया।
दरवाजा खुलते ही भीतर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। युवक पंखे से गमछे के सहारे लटका हुआ था। उसके दोनों पैर बेड पर मुड़े हुए थे। आनन-फानन में परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और कमरे को यथास्थिति में फिर से बंद कर दिया।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसएल टीम के वैज्ञानिक सहायक डॉ. संजीव अग्रवाल ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। गेट बंद होने की बात परिजनों ने कही है, लेकिन दरवाजे पर किसी तरह के तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं।
बताया गया कि मृतक की पत्नी मायके में थी और दोनों बच्चे भी उसी के साथ थे। घटना के समय वह कमरे में अकेला था। पुलिस को घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। |
|