सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राज्य में एचआइवी संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। एनएसीओ (राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन) की रिपोर्ट्स और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 13 जिले संक्रमण की हाई-रिस्क श्रेणी में हैं।
इन जिलों में मुजफ्फरपुर के अलावा बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, गया, गोपालगंज, पटना, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, सारण, सीतामढ़ी, सीवान व वैशाली शामिल हैं। वर्ष 2025 में मुजफ्फरपुर में नए संक्रमितों की संख्या सर्वाधिक है। वहीं पटना दूसरे नंबर पर है।
पिछले वर्ष मुजफ्फरपुर में 1253, बेगूसराय में 560, भागलपुर में 310, दरभंगा में 51, गया में 754, पटना में 850, पूर्वी चंपारण में 280, समस्तीपुर में 131, सारण में 25, सीतामढ़ी में 181, सीवान में 25 और वैशाली में 355 केस सामने आए हैं। यह आंकड़े राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के द्वारा जारी किया गया है। इसमें जीवित रहने वाले मरीजों की संख्या के मुताबिक मुजफ्फरपुर में 9189 हैं।
साथ ही बेगूसराय में 8462, भागलपुर में 5868, दरभंगा में 7461, गया में 5397, गोपालगंज में 5868, पटना में 4611, पूर्वी चंपारण में 6545, समस्तीपुर में 8443, सारण में 8440, सीतामढ़ी में 8515, सीवान में 764 और वैशाली में 6481 संक्रमित जीवित हैं। सबसे अधिक व्यस्क पुरुषों की संख्या 7334 है।
इसके साथ ही पीड़ित महिलाओं की संख्या 2957 है। पीड़ित युवा 2240 है। 359 बच्चे संक्रमित हैं। 1265 एड्स पीड़ितों की मौत हुई है। इसमें 1168 व्यस्क और 362 महिलाएं हैं। 97 बच्चों के साथ ही 58 युवाओं की मौत हुई है।
संक्रमितों की बढ़ती संख्या को लेकर होली पूर्व सार्वजनिक जगहों पर जांच कैंप
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने होली को लेकर दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की भीड़भाड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक जगहों पर विशेष कैंप का आयोजन करने का निर्देश दिया है। कैंप में बाहर से आए लोगों की जांच की जाएगी। संक्रमण का पता लगाया जाएगा। संक्रमित व्यक्ति मिलने पर उसे चिन्हित करते हुए रोकथाम और इलाज की पहल की जाएगी।
ग्रामीण एएनएम केंद्र-225 और शहरी एएएम केंद्र-9 द्वारा प्रस्तुत नहीं की जा रही रिपोर्ट
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति परियोजना निदेशक सुमित कुमार के समीक्षा रिपोर्ट में मामला सामने आया है कि 225 ग्रामीण एएनएम केंद्र और 9 शहरी एएनएम केंद्र से एचएमआइएस पोर्टल पर कोई रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जा रही है।
इसको लेकर परियोजना निदेशक ने नाराजगी जताते हुए पोर्टल पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निगरानी करने का आदेश दिया है। |