search

वेद व‍िद्यापीठ गुरुधाम बौंसी : सान्याल बाबा के जन्मोत्सव के साथ शुरू हुआ वार्षिकोत्सव, श‍िष्‍यों ने की सेवा

Chikheang 2026-1-25 03:25:41 views 1171
  

वेद व‍िद्यापीठ गुरुधाम बौंसी।



संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। गुरुधाम आश्रम में शनिवार से पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ हो गया। पहले दिन आश्रम के संस्थापक योगाचार्य सान्याल बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिष्यों ने गुरु के चित्र के साथ प्रभात फेरी निकाली। ब्रह्म मुहूर्त में मुख्य मंदिर में स्थापित प्रतिमा पर पंडित ओमप्रकाश मिश्र द्वारा गणेश सहस्त्रनाम पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद पंडितों एवं श्यामा चरण वेद विद्यापीठ के ब्रह्मचारियों द्वारा वैदिक मंगल गान और चारों वेदों का पाठ किया गया।
प्रभात फेरी, वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन के साथ आध्यात्मिक माहौल

मातृछाया में पंडित गंगाधर मिश्र ने मंगल आरती और भजन प्रस्तुत किया। वहीं डा. विश्वंभर नाथ वागीश के नेतृत्व में सामूहिक गीता पाठ हुआ। सान्याल बाबा की विशेष पूजा शेषाद्री चक्रवर्ती एवं पंडित देवनारायण शर्मा ने संपन्न कराई। मुख्य मंदिर में दैनिक सरकारी पूजा पंडित विवेका तथा मातृछाया में पंडित राजकांत कुंवर द्वारा की गई। एक घंटे तक गुरु भाई-बहनों द्वारा मंगल आरती के बाद पंचामृत अभिषेक कराया गया। शाम में गुरु-शिष्यों द्वारा भजन-कीर्तन से पूरा आश्रम भक्तिमय हो उठा।

  


वार्षिकोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिष्य और श्रद्धालु पहुंचे हैं। दोपहर में गुरुओं को भोग अर्पित किया गया। जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू हुआ। आश्रम परिसर में योगाचार्य भूपेंद्र नाथ सान्याल द्वारा रचित ग्रंथों के स्टाल में आत्मानुसंधान, दिनचर्या, अभ्यास योग और श्रीमद्भागवत गीता की आध्यात्मिक व्याख्या सहित कई पुस्तकें श्रद्धालुओं द्वारा खरीदी जा रही हैं। रविवार को माघ शुक्ल सप्तमी के अवसर पर परम गुरुदेव लाहिड़ी बाबा का वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा।
वैदिक परंपरा का केंद्र है श्यामा चरण वेद विद्यापीठ

गुरुधाम आश्रम के सामने गुरुकुल परंपरा पर आधारित श्यामा चरण वेद विद्यापीठ की स्थापना की गई है, जहां आठ से दस वर्ष के बच्चों का चयन वेदाध्ययन के लिए किया जाता है। यहां हर वर्ष 22 छात्रों को वेद शिक्षा दी जाती है। वर्तमान आचार्य प्रभात कुमार सान्याल भी इसी विद्यापीठ के छात्र रहे हैं।
कल गुरु दीक्षा व दरिद्र नारायण सेवा

26 जनवरी को गुरु पद पर आसीन प्रभात कुमार सान्याल एवं गुरुमाता देवसेना चक्रवर्ती द्वारा गुरु दीक्षा दी जाएगी। करीब सौ से अधिक श्रद्धालुओं को दीक्षा दी जाएगी, वहीं परंपरा के अनुसार एक हजार से अधिक जरूरतमंदों के बीच दरिद्र नारायण सेवा होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रेनों का ठहराव

वार्षिकोत्सव को लेकर 24 से 28 जनवरी तक लोकल व एक्सप्रेस ट्रेनों का एक मिनट का ठहराव गुरुधाम गेट के पास दिया गया है। वंदे भारत को छोड़कर सभी ट्रेनों के ठहराव से श्रद्धालुओं को आश्रम पहुंचने में सुविधा मिल रही है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
169244