जागरण संवाददाता, रामपुर। अब बिजली उपभोक्ता सुकुन महसूस कर रहे हैं। उन्हें समय-समय पर आपूर्ति आने व गायब रहने की जानकारी मिलने लगी है। यह जानकारी बिजली उपभोक्ताओं को वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मिल रही है।
यह ग्रुप विभाग की ओर से ही सभी उपकेंद्र स्तरों पर बनाए गए हैं ताकि उपभोक्ताओं को बिजली के आने-जाने की जानकारी उपलब्ध कराई जाती रहे। इस व्यवस्था के बाद उपभोक्ताओं के साथ उपकेंद्र का स्टाफ भी राहत महसूस कर रहा है। उन्हें आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं की शिकायतों के अधिक मोबाइल काल आना कम हो गए हैं।
यह व्यवस्था जनपद के सभी बिजली उपकेंद्रों पर विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है। इस तरह की व्यवस्था में जनपद के 33-11 केवीए क्षमता के सभी विद्युत उपकेंद्रों पर की गई है। नगर के सिविल लाइन,शाहबाद गेट,नवाब गेट,किला समेत 10 अन्य उपकेंद्रों पर भी की गई है।
इन व्हाट्सएप ग्रुप में क्षेत्र के उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर एडकर जोडा गया है ताकि ग्रुप में आपूर्ति संबंधी सूचना साझा कर सभी को उससे अवगत कराया जा सके। अब उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को मोबाइल के व्हाटसएप ग्रुप पर इसी सूचना उपलब्ध होने लगी है। इन ग्रुप पर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बिजली सप्लाई के आने और बाधित होने की जानकारी देने लगे हैं।
गुरुवार को सिविल लाइंस के व्हाटसएप ग्रुप पर दिन में 11 बजे एक मैसेज साझा की गई जिसमें कहा गया कि सिविल लाइंस के उपकेंद्र पर यार्ड में लगे ट्रांसफार्मर का आयल करने को शटडाउन किया गया।
इसकी वजह से एक घंटे के लिए स्टेशन रोड,बीपी कालोनी,आर्दश कालोनी,कृष्णा कालोनी,राधा रोड,नैनीताल रोड,आवास विकास कालोनी,गंगापुर,एकता विहार,रामनाथ कालोनी समेत 15 क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित हुई। सवा घंटे बाद आपूर्ति सामान्य होने पर ग्रुप में इसका मैसेज भी चला दिया गया।
इस व्यवस्था से उपभोक्ता व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी दोनों को राहत मिली है। उपभोक्ताओं को यह जानकारी मिल जाती है कि आपूर्ति क्यों और कितने समय के लिए बाधित हुई है। इस जानकारी के बाद उपभोक्ता आपूर्ति बाधित होने पर उपकेंद्र के स्टाफ व अधिकारियों को पूर्व की तरह मोबाइल काल करने की आवश्यकता महसूस नहीं करते।
काल कम आने पर कर्मचारी अपना अन्य कार्य करते रहते हैं। अधिशासी अभियंता अनुराग सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था अधिकारियों के निर्देश पर सभी उपकेंद्रों पर की गई है ताकि उपभोक्ता आपूर्ति को लेकर परेशान नहीं हों।
डूंगरपुर विद्युत उपकेंद्र की तीन घंटे बाधित रही आपूर्ति
रामपुर : उपकेंद्र डूगरपुर में गुरुवार को ट्रासंफार्मर की टेस्टिंग आदि का कार्य कराया गया। इस कारण क्षेत्र के उपभोक्ताओं की दिन में 11 से दोपहर दो बजे तक आपूर्ति बाधित रही। इधर पहाडी गेट फीडर की आपूर्ति सुबह व शाम को बाधित रहने से भी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आज किला उपकेंद्र की आपूर्ति रहेगी बाधित
रामपुर : शुक्रवार को किला स्थित विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति दोपहर दो से शाम पांच बजे तक बाधित रहेगी। इस अवधि में उपकेंद्र परिसर में विभाग कार्य कराया जाएगा। इस कारण शादाब मार्केट,मछली बाजार,मिसटन गंज व पान दरीबा आदि की आपूर्ति तीन घंटे बाधित रहेगी। |
|