search

हरियाणा में इलेक्ट्रिक क्रांति, जल्द सड़कों पर दौड़ेंगी 250 नई ई-बसें; चार्जिंग स्टेशन भी तैयार

deltin33 2026-1-20 14:57:02 views 1231
  

जल्द सड़कों पर दौड़ेंगी 250 नई ई-बसें (फोटो: जागरण)



राजेश मलकानियां, पंचकूला। हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस सेवा के अंतर्गत प्रदेश में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। ये सभी बसें 9 मीटर लंबी होंगी और इनमें लगभग 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इस सेवा के शुरू होने से आमजन को सस्ती, सुविधाजनक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा।

हरियाणा हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में मंजूरी के बाद इस योजना का लाभ प्रदेश के पांच जिलों—पानीपत, यमुनानगर, करनाल, हिसार और रोहतक—को दिया जाएगा। योजना के तहत प्रत्येक जिले को 50-50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही हरियाणा रोडवेज को और सशक्त बनाने के लिए 375 नई इलेक्ट्रिक बसें भी बेड़े में शामिल की जा रही हैं, जिनमें से कुछ बसें पहले ही विभिन्न जिलों में संचालन में आ चुकी हैं।

इलेक्ट्रिक बस सेवा के पूर्ण क्रियान्वयन में सबसे बड़ी चुनौती चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता रही है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। पानीपत में चार्जिंग स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है, जबकि यमुनानगर में करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। पंचकूला में चार्जिंग स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। करनाल और रोहतक में भी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

वर्तमान में हरियाणा के कई जिलों में सीमित संख्या में इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। पंचकूला में 5, अंबाला में 15, कुरुक्षेत्र में 10 और यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व रेवाड़ी में 5-5 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हैं। पंचकूला में ये बसें हाउसिंग बोर्ड से जीरकपुर और कालका से पीजीआई जैसे प्रमुख रूटों पर संचालित हो रही हैं।

इलेक्ट्रिक बसों को लेकर यात्रियों की प्रतिक्रिया काफी सकारात्मक सामने आ रही है। कम शोर, आरामदायक सफर और प्रदूषण में कमी जैसे कारणों से लोग इस सेवा को पसंद कर रहे हैं। आने वाले समय में जैसे-जैसे चार्जिंग स्टेशन पूरी तरह तैयार होंगे, वैसे-वैसे इलेक्ट्रिक बस सेवा का दायरा बढ़ेगा और हरियाणा का सार्वजनिक परिवहन और अधिक आधुनिक व पर्यावरण हितैषी बन सकेगा।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477856