cy520520 • 2026-1-19 18:26:56 • views 989
पुल के पास लगी लोगों की भीड़
संवाद सूत्र, दढ़ियाल (रामपुर)। मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर कोसी नदी पर बने पुल की अप्रोच की मिट्टी खिसक गई। इससे हादसे के खतरे को देखते हुए पुल पर वाहनों का आवागमन बंद किया गया। हालांकि, दो पहिया वाहन निकल रहे हैं। यह पुल उत्तराखंड स्थित सरोवर नगरी नैनीताल जाने वाले मार्ग से सीधे रामपुर जिले को जोड़ता है।
कोसी नदी पुल के पास पूर्व दिशा में लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से एक नए पुल निर्माण का कार्य चल रहा है, इसे राज्य सेतु निगम बना रहा है। कुछ दिन पहले पुल के पास नए कुएं बनाने को मिट्टी खोदी जा रही थी। इसके बाद पुल के दक्षिण किनारे से मिट्टी खिसक गई थी। इसको प्लास्टिक के कट्टों में मिट्टी भरकर लगाया गया। पहले लगाए गए कट्टे और उसके नीचे की मिट्टी शनिवार को फिर से खिसक गई।
इसकी वजह से पुल धंसने का खतरा बढ़ गया। लेकिन, जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते 24 घंटे से ज्यादा समय तक पुल को भारी वाहनों को खुला रहा। खतरा देखते हुए रविवार दोपहर बाद पुल चौपहिया वाहनों के आवागमन बंद कर दिया गया है। अभी दो पहिया वाहन निकलते रहेंगे। पुल बंद करने पर राहगीरों ने वहां पर काफी हंगामा किया बाद में बमुश्किल पुलिस के समझाने पर शांत होकर अपने गंतव्य चले गए।
आम जनता के लिए 1984 में खोला गया गया था पुल
इस पुल का निर्माण राज्य सेतू निगम ने वर्ष 1980 में बनवाया था। जो यातायात के लिए 1984 में खोला गया था। यह पुल बहुत पुराना है। इसकी कुछ महीने पहले ही मरम्मत हुई थी। इसके ज्वाइंट भी बदले गए थे। पुल पर सड़क भी बनाई गई थी। उस समय पुल से कम वाहन ही गुजरते थे।
आजकल दिल्ली से सीधे नैनीताल सरोवर नगरी ओर रामनगर नेशनल जिम पार्क, पूर्णागिरी, नीम करौली धाम के लिए यह मार्ग सीधा है। बता दे कि दो महीने पहले मरम्मत कार्य के चलते पुल को आवागमन के लिए रोक दिया गया था। जिससे लोगों को बहुत दिक्कत हुई थी। जिम्मेदार अधिकारियों ने इसके नीचे पीचिंग को मजबूत नहीं किया। वहीं नए पुल पर भी निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है।
राज्य सेतु निगम के अवर अभियंता अनूप कुमार शर्मा ने बताया कि पुल को चौपहिया वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है इसके लिए पुल के दोनों तरफ ईंट की दीवार बनाई गई है। टांडा के एसडीएम राजकुमार भास्कर ने बताया कि पुल निर्माण कार्य संस्था के इंजीनियर और अधिकारियों को आदेशित किया है कि पुल निर्माण में तेजी लाए। जिससे यह जल्द बन सके। बताया कि मिट्टी खिसकने वाले भाग तक पुल पर आवागमन बंद रहेगा ।
यह भी पढ़ें- 750 KM लंबा हाईवे और रामपुर का साथ: जानें किन 22 गांवों की जमीन लेगी सरकार, मुआवजे पर आई बड़ी अपडेट |
|