मंच पर संबोधन करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सीएम नायब सैनी, मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, केंद्रीय मंत्री रवनती सिंह बिट्टू, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह व अन्य।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। श्री मुक्तसर साहिब में माघी मेले के दौरान लगे राजनीति अखाड़े में इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी बड़ा मंच तैयार किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी इस दौरान पहुंचे हैं। संबोधन में सीएम सैनी ने पंजाब को हरियाणा का बड़ा भाई कहकर संबोधित किया।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बठिंडा पहुंच चुके हैं। मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, केंद्रीय मंत्री रवनती सिंह बिट्टू, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा उनकी पत्नी पूर्व सांसद परनीत कौर भी मौजूद हैं। भाजपा की कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब सरकार पर तीखे हमले किए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बाढ़ संकट के दौरान हरियाणा ने पंजाब की मदद की, लेकिन पंजाब सरकार और उसके नेता उस समय नदारद रहे। जिस व्यक्ति को पंजाब के लोगों ने मुख्यमंत्री बनाया था, तब वो अस्पताल में भर्ती हो गया। केजरीवाल भी दिल्ली जाकर बैठ गया। पंजाब हरियाणा का बड़ा भाई है। हमें पंजाब का फिक्र है।
सैनी ने मुक्तसर की ऐतिहासिक धरती को नमन करते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने यहां अंतिम लड़ाई लड़कर जीत हासिल की थी। खालसा पंथ समाज को जोड़ने और सेवा का संदेश देता है, लेकिन आज पंजाब की सरकार उस भावना पर खरी नहीं उतर रही।
यह भी पढ़ें- कौन है नकाबपोश Talwiinder Singh, जिनके प्यार में गिरफ्त हुईं Disha Patani? ओ रोमियो एक्ट्रेस से 6 साल हैं छोटे
भाजपा के पंडाल में पहुंचे कार्यकर्ता।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म व धोखाधड़ी आरोपों में घिरे AAP विधायक पठानमाजरा ने भगोड़ा घोषित करने के आदेश को हाईकोर्ट में दी चुनौती
AAP पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
उन्होंने AAP और कांग्रेस पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि आप सरकार को चार साल हो गए, पर वादे पूरे नहीं हुए। हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि किसानों को एमएसपी पर सभी फसलें खरीदकर 48 घंटे में भुगतान किया जा रहा है, पराली रोकने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है और बाढ़ प्रभावित किसानों को 116 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
सैनी ने कहा कि आयुष्मान योजना पंजाब में लागू नहीं होने दी जा रही, जबकि हरियाणा में गरीबों को मकान व स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार ने किसानों और आम लोगों को सिर्फ झूठे वादों के सहारे रखा है।
मंच से उठा आतिशी का मुद्दा
भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपनी पुलिस पर भरोसा होता तो दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी को मुक्तसर में मंच पर बुलाते और उनसे गुरुओं के अपमान पर सार्वजनिक माफी मंगवाते। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था अस्तित्वहीन हो चुकी है और आप सरकार ने राज्य की हालात पूरी तरह बिगाड़ दिए हैं। जाखड़ ने कहा कि पंजाब की सरदारी शहादतों से मिली थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे कमजोर कर दिया है।
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में नकली सिखों की भरमार हो गई है और जातिवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। जाखड़ के अनुसार, पंजाब के लोग जाति-पाति की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
अश्वनी शर्मा ने लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर उठाए सवाल
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने राज्य सरकार पर गंभीर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने पंजाब को रंगला बनाने का वादा किया था, उन्होंने राज्य को कंगाल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बदहाल है और लगभग हर दिन गोली चलने की खबरें सामने आ रही हैं।
शर्मा के अनुसार यह सरकार अपने ही विधायक के भतीजे और सरपंचों को सुरक्षा नहीं दे पा रही, फिर आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेगी। वह मृतक सरपंच के परिवार से मिलने पहुंचे, जहां गांव के लोगों ने सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई। उनका कहना था कि सीमावर्ती गांवों में लोग चर्चा कर रहे हैं कि पंजाब में कठोर कानून व्यवस्था वाली सरकार की जरूरत है।
भाजपा अध्यक्ष जाखड़ सभा को संबोधन करते हुए।
मनरेगा को लेकर विपक्ष ने फैलाया झूठ
अश्वनी शर्मा ने मनरेगा योजना को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए गए संदेशों को झूठ बताते हुए कहा कि योजना बंद नहीं हुई, बल्कि भ्रष्टाचार रोकने के लिए इसका नाम बदला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो दल मजदूरों की बात करते हैं, वही उनकी दिहाड़ियों में चोरी करते रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति और गरीबों के प्रति मौजूदा आप सरकार की नीतियां विरोधी हैं, क्योंकि पंजाब सरकार ने गरीब परिवारों के लिए मिलने वाला राशन रोक दिया है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी गरीबों को लगातार राशन उपलब्ध करा रहे हैं। शर्मा का आरोप था कि गरीबों के आवास के लिए केंद्र सरकार ने करोड़ों रुपये भेजे, लेकिन पंजाब सरकार ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया।
बिट्टू ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में पहली बार सरकारी बसों का इस्तेमाल किसी पार्टी की रैलियों के लिए होते देखा जा रहा है। उनका कहना था कि विपक्षी पार्टियों की कांफ्रेंस में आने वाले लोगों को रोकने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है और कर्मचारियों को सरकार को खुश करने के लिए फोटो खींचकर भेजने तक के निर्देश दिए गए हैं।
बिट्टू ने मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह विदेशों में पंजाब का पैसा खर्च कर रहे हैं, जबकि इससे पहले वह प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी किया करते थे।
तरुण चुग ने किया कांग्रेस व आप पर हमला
श्री मुक्तसर साहिब में आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने गुरुओं का अपमान किया है, जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तख्तों को चुनौती देकर सिख मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। चुग के अनुसार, ये सभी नेता अरविंद केजरीवाल के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
तरुण चुग ने 1984 के सिख दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने श्री हरिमंदिर साहिब पर हमला करवाया था और सिखों पर अत्याचार किए गए। उन्होंने कहा कि इन घावों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कांग्रेस नेताओं राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे सज्जन कुमार जैसे आरोपित के साथ बैठकर राजनीति कर रहे हैं।
मनप्रीत बादलने ने लगाया सबका साथ-सबका विकास का नारा
भाजपा नेता मनप्रीत बादल ने कहा कि दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने चालीस मुक्तों को प्रेम करने वालों को सच्चा सिख बताया था। उन्होंने कहा कि आज मुगल मानसिकता का अंत होना चाहिए और भाजपा की कांफ्रेंस का उद्देश्य भटके हुए लोगों को सही प्लेटफॉर्म देना है।
मनप्रीत बादल ने बताया कि करतारपुर कॉरिडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है और भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर चलते हुए रोज़गार उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार नौकरियों के बड़े विज्ञापन देती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि राज्य में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
वर्करों को नाकों पर रोका जा रहा
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि कड़ी सुरक्षा का बहाना बना कर लगातार जांच के नाम पर वर्करों को नाकों पर रोका जा रहा है। नेताओं को भी मंच पर आने के लिए इसी कारण से देरी हुई है। भाजपा प्रदेश महासचिव दियाल सोढी ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर रुकावटें पैदा कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, इसलिए पुलिस अधिकारियों को भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- अमृतसर के बाद मोगा में स्कूलों को मिली बम से उड़ाने धमकी, बच्चों को घर भेजा गया; पढ़ें ई-मेल में क्या लिखा... |
|