search

रोहतास सब्जी प्रदर्शनी में 12 किलो की मूली, पांच फीट लंबा लौकी; 20 किलो का कोहड़ा बनी आकर्षण का केंद्र

cy520520 2026-1-15 00:26:02 views 431
  

रोहतास सब्जी प्रदर्शनी में पांच फीट लंबा लौकी। फोटो जागरण



जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। स्थानीय आदर्श कुशवाहा सब्जी बाजार समिति भारतीगंज-करपुरवा में बुधवार को सब्जी प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें उन्नत खेती की झलक दिखी। उद्घाटन सांसद मनोज राम, पूर्व मंत्री सुनील कुमार, उप मुख्य पार्षद सत्यंवती देवी व पूर्व उप मुख्य पार्षद चंद्रशेखर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण स्वामी ने किया। सांसद ने कहा कि किसान ही देश की रीढ़ हैं, जो अपने परिश्रम व कर्मठता की बदौलत देश का मान-सम्मान ऊंचा कर रहे हैं। किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती कर प्रगतिशील कृषक बन रहे हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी, बल्कि देश के विकास में भी उनकी अहम भागीदारी है।

सांसद ने कहा कि कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए बहुत सारी नई तकनीक शुरू हो चुकी है। इसका लाभ उठाकर किसान विकास की अगली पंक्ति में खड़ा हो सकते हैं। सब्जी, फल, फूल, बीज, जैव उर्वरक व कीटनाशक दवाओं की एक साथ लगाई गई प्रदर्शनी में कई किसानों ने अपनी सहभागिता निभाई। दूर-दराज से आए लोगों ने सब्जी प्रदर्शनी में स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित फल-फूल व सब्जी देख दंग रह गए।

प्रदर्शनी में 12 किलो की मूली, पांच फीट लंबा लौकी, 20 किलो का कोहड़ा व बैगन, आलू, आदि अन्य सब्जियां मेला में घूमने आए लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। बाजार के कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि नौगाईं के किसान ददन सिंह द्वारा उत्पादित 12 किलो की मूली मेला में पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बना रहा।

कुशवाहा बाजार समिति के अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव चंदन कुशवाहा व कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार ने अतिथियों को माला भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल ने उत्पादकता के आधार पर सर्वश्रेष्ठ कृषक का चयन किया, जिन्हें सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में जैविक खाद द्वारा उत्पन्न फूल गोभी, ब्रोकली, पत्तागोभी, धनिया पत्ती, मशरुम, लौकी, मूली, गाजर, हरी मिर्च, टमाटर, सहित अन्य सब्जियों के अलावा अमरुद, केला, पपीता, नीबू, गेंदा, गुलाब, गुलदाउदी आदि फूल का स्टाल लगाया गया था। आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में 40 प्रकार की सब्जी व फल-फूल के स्टाल लगाए गए थे। मौके पर काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164038