search

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए कल नामांकन करेंगे आदित्य साहू, मकर संक्रांति पर होगी घोषणा

cy520520 2026-1-12 22:57:16 views 973
  

झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए वर्तमान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।



राज्य ब्यूरो, रांची । भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। इस पद के लिए वर्तमान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व ने उनके नाम पर सहमति जता दी है और उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है।
केंद्रीय पर्यवेक्षक रहेंगे मौजूद

प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव नामांकन प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहेंगे।

वे अध्यक्ष पद के साथ-साथ राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया भी संपन्न कराएंगे। पार्टी संगठन की दृष्टि से यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक ही दिन में पूरी होगी प्रक्रिया

प्रदेश चुनाव अधिकारी प्रदीप वर्मा ने सोमवार को जानकारी दी कि मंगलवार को ही नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।

यदि किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन नहीं होता है, तो चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ऐसे में बुधवार को औपचारिक रूप से आदित्य साहू के नाम की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कर दी जाएगी।
केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया नाम

प्रदेश चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आदित्य साहू का नाम केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पहले ही तय किया जा चुका है। इसमें किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है।

हालांकि पार्टी संविधान के अनुसार यदि आवश्यकता पड़ी तो चुनाव की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में इसकी जरूरत नहीं दिख रही है।
राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की भी होगी घोषणा

बुधवार को ही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की जाएगी। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए परिषद के सदस्यों का चयन किया गया है।
संगठन को मिलेगा नया नेतृत्व

गौरतलब है कि आदित्य साहू वर्तमान में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हैं और संगठनात्मक अनुभव के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए मजबूत नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर उत्साह का माहौल है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163933