search

पटना जानीपुर के मुरादपुर में महिला की गोली मारकर हत्या, होटल से कुछ दूरी पर मिला शव; पारिवारिक रंजिश की आशंका

cy520520 2026-1-12 09:26:07 views 808
  

महिला की गोली मारकर हत्या



जागरण संवाददाता, पटना। जानीपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर (बभनपुरा) इलाके में रविवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान जहानाबाद निवासी 40 वर्षीय माला देवी के रूप में हुई है। वह अपने मायके जहानाबाद से रविवार को ससुराल जानीपुर के बभनपुरा आई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, माला देवी का शव उनके पति सुबोध शर्मा के होटल से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर जानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मौत का कारण गोली लगना माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह भी सक्रिय हुए। उन्होंने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए हैं। आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली गई और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी कोई अहम जानकारी मिल सके।

मृतका के पति सुबोध शर्मा ने पुलिस को बताया है कि उनकी कुछ लोगों से पारिवारिक रंजिश चल रही है और उन्हें आशंका है कि इसी विवाद के चलते माला देवी की हत्या की गई है। पुलिस इस बयान को आधार बनाकर भी जांच आगे बढ़ा रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।

माला देवी के मायके और ससुराल पक्ष को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

फिलहाल अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163715