युवक की मौत (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा ने एक और जान ले ली। रविवार शाम करीब 5 बजे तिलकनगर थाना क्षेत्र में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
मतृक की पहचान 45 वर्षीय रघुवीर धाकड़ के रूप में हुई थी। वह टाइल्स ठेकेदारी का काम करते थे।
जानकारी के मुताबिक ओम साईं विहार कॉलोनी, बिचौली मर्दाना निवासी रघुवीर धाकड़ रविवार शाम बाइक से जा रहे थे, तभी शकुंतला हॉस्पिटल के पास अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। गंभीर चोट लगने के कारण वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
यह घटना एक बार फिर चाइनीज मांझा की जानलेवा ख़तरनाक प्रकृति को उजागर करती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
यह भी पढ़ें- MP के आगर-मालवा में नर्सरी की आड़ में चल रही नशे की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त
पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद उपयोग जारी
जिला प्रशासन ने चाइना डोर की बिक्री, उपयोग पर प्रतिबंध लगा रखा है। पुलिस भी लगातार चाइना डोर को लेकर सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस पतंग दुकानों की जांच के अलावा घरों की छतों पर जाकर पतंग उड़ा रहे बच्चों की डोर की जांच कर रही है। इसके अलावा पतंगबाजों को भी समझाइश दी जा रही है कि वह चाइना डोर का उपयोग ना करें, इससे लोगों की जान भी जा सकती है। इसके बाद चाइना डोर का उपयोग नहीं रोका जा सका है, जिसकी वजह से लगातार लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। |