search

बहजोई और संभल के बीच ग्रामीण बस सेवा शुरू करने की मांग, डग्गामार वाहनों से मिलेगी निजात

cy520520 2026-1-10 20:57:32 views 486
  



संवाद सहयोगी, चंदौसी। जिले में कई मार्ग ऐसे हैं, यहां सिर्फ डग्गामार ही सहारा हैं। जिससे लोगों को परेशानी होती है, उनकी सुरक्षा भी खतरे में है। लोगों का कहना है कि इन मार्गाें पर परिवहन निगम ग्रामीण बस सेवा शुरू करे तो राहगीरों को को लाभ होगा और राजस्व भी बढ़ेगा। लोगों को समय के बचाव के साथ अतिरिक्त किराया भी नहीं चुकाना पड़ेगा।

जिले में बहजोई-रजपुरा मार्ग की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। मुख्यालय होने की वजह से बड़ी तादाद में लोग यहां आते जाते हैं। लेकिन बहजोई के लिए सीधे साधन न होने की वजह से लोग डग्गामार वाहनों में सफर करने को मजबूर हैं। उन्हें ऐसे में बहजोई या चंदौसी जाने के लिए रजपुरा से 13 किलोमीटर दूर बबराला से साधन तलाशने पड़ते हैं।

लोगों का कहना है कि अगर गवां, रजपुरा, बहजोई होते हुए चंदौसी तक रोडवेज बसों का संचालन होगा तो काफी लाभ मिलेगा। क्योंकि गवां, रजपुरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों का बहजोई और चंदौसी आना जाना रहता है। चंदौसी में न्यायालय और बहजोई में जिला मुख्यालय की वजह से कोई न कोई काम लोगों के लिए लगा रहता है।

इसके अलावा इस क्षेत्र के बहुत से छात्र चंदौसी में पढ़ते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी लोग चंदौसी में आते जाते है। इस लिए चंदौसी से गवां, रजपुरा के बीच बसों का संचालन होना चाहिए। इसी तरह कुढ़ फतेहगढ़ से चंदौसी के बीच में लोगों का सफर सुरक्षित नहीं है। टेंपो, ई-रिक्शा में सफर कर लोग चंदौसी तक पहुंचते हैं। संभल और गवां के बीच डग्गामार ही मात्र एक सहारा है। अगर ग्रामीण बस सेवा शुरू होगी तो लोगों को लाभ मिलेगा।

इस्लामनगर के लिए ग्रामीण सेवा को मिला अच्छा परिणाम
परिवहन निगम ने बीते महीने चंदौसी से इस्लामनगर के लिए ग्रामीण बस सेवा शुरू की थी, जिसे काफी अच्छा परिणाम मिला है। लोग भी लाभांवित हो रहे हैं। ये बस चंदौसी, इस्लामनगर, बहजोई होते हुई संभल तक जाती है। इसके बाद इसी रूट से वापस आ जाती है। अगर इसी तरह अन्य क्षेत्रों में ग्रामीण बस सेवा शुरू होगी तो लोगों को लाभ मिलेगा।

रजपुरा क्षेत्र से बहजोई और संभल क्षेत्र के लिए रोडवेज सेवा शुरू होनी चाहिए। यहां तक सीधे साधन न मिलने की वजह से काफी परेशानी होती है। -सत्यपाल, डोहरी

हमने रजपुरा-गवां क्षेत्र से बहजोई और संभल के लिए सीधे बस सेवा शुरू कराने के लिए एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा था। अगर इस मार्ग पर रोडवेज का संचालन होगा तो लोगों को लाभ मिलेगा।-तीव्र प्रकाश गुप्ता, गवां

किसी न किसी काम से लोग बहजोई, चंदौसी और संभल के लिए आते जाते हैं। लेकिन रजपुरा क्षेत्र से सीधे बस सेवा न होने की वजह से परेशानी होती है। डग्गामार वाहनों में हादसे का डर भी बना रहता है। -सोनू शर्मा, जारई

चंदौसी से रजपुरा-गवां के बीच बस सेवा शुरू करने के लिए हमने एआरएम को पत्र लिखा है। उम्मीद है कि जल्द बस सेवा शुरू होगी। -राजीव कुमार, बस स्टैंड प्रभारी चंदौसी
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163209