जागरण संवाददाता, लखनऊ। विमान सेवाओं की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही। इंडिगो की सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित रही हैं। अब मुंबई से वाराणसी जाने वाली अकासा एयर की उड़ान लखनऊ डायवर्ट कर दी गई। इससे करीब पांच घंटे तक यात्री विमान में ही रहे, लेकिन उन्हें किसी प्रकार का खानपान नहीं परोसा गया। यात्री ने विमानन कंपनी के खिलाफ डीजीसीए से शिकायत की है।
यात्री ऋषभ ने बताया, उन्होंने अकासा एयर की क्यूपी-1498 से मुंबई से वाराणसी के लिए टिकट बुक कराया था। गुरुवार दिवस दोपहर 1:10 बजे की जगह फ्लाइट 2:05 बजे टेकआफ हुई। इसके बाद करीब पांच घंटे से ज्यादा समय तक वे विमान में ही रहे। वाराणसी में खराब मौसम के कारण विमान लखनऊ डायवर्ट किया गया था। इस दौरान यात्रियों को रिफ्रेशमेंट परोसा जाना चाहिए था। अब अकासा एयर ने खेद जताते हुए माफी मांगी है। एयरलाइन ने कहा कि वे यात्री से संपर्क भी कर रहे हैं। |