LHC0088 • 2026-1-9 05:26:40 • views 1236
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार के लिए विशेष यलो अलर्ट जारी किया गया था। मौसम भी उसी अनुरूप बना हुआ है। सुबह तीन बजे से ही अंचलों में घना कोहरा नजर आया। जबकि तड़के कोहरा काफी सघन नजर आया। मौसम विभाग ने हालांकि पहले से ही शुक्रवार के लिए अलर्ट जारी कर रखा था। तापमान में भी व्यापक कमी का दौर चलने से गलन भरी हवाएं अधिक प्रभावी बनी हुई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले सप्ताह में भी गलन का असर बना रह सकता है।
सुबह से ही गलन भरी हवाओं और कोहरे के मेल से सड़क पर वाहन भी फॉग लाइट के सहारे रेंगते नजर आए। जबकि विमानों और ट्रेनों का संचालन भी कोहरे की वजह से बेपटरी हो चला है। शुक्रवार की सुबह भी मौसम की वजह से यातायात व्यवस्था बेपटरी ही बनी रही। हालांकि शाम तक विभागीय स्थिति का अपडेट जारी होने की उम्मीद है। वातावरण में गलन भरी हवाओं की वजह से सुबह निकलने वाले भी अलाव का सहारा जहां मिला वहीं हाथ सेंककर राहत तलाशते नजर आए।
मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पहाड़ों पर लगातार बादलों की सक्रियता बनी होने से इसका असर आगे भी पूर्वांचल और मैदानी क्षेत्रों तक आने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का पहाड़ों पर असर बना रहा तो मैदानी क्षेत्रों में भी गलन प्रभावी होगा और लोगों की दिनचर्या को बाधित करेगा। मौसम का रुख अब पहाड़ों पर बर्फबारी की सक्रियता पर निर्भर करेगा। हालांकि शुक्रवार का मौसम का रुख गलन भरा बना होने से दिन भर मौसम का रुख तल्ख बने होने की उम्मीद है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 11.6°C दर्ज किया गया जो समाान्य से 9.5 डिग्री कम रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.8°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम दर्ज किया गया था। जबकि आर्द्रता न्यूनतम 89% और अधिकतम 100% फीसद बनी हुई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच वातावरण का रुख तल्ख बना हुआ है। समूचा पूर्वांचल गलन भरी हवाओं की जद में होने से गलन का असर प्रभावी बना हुआ है। हालांकि आगे मौसम विभाग ने अलर्ट नहीं जारी किया है। |
|