गुरुग्राम में हादसे के बाद पहुंची पुलिस। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सुशांत लोक थाना क्षेत्र के सेक्टर 42 स्थित एक बिल्डिंग के बाहरी हिस्से पर रस्सी लटकाकर पुताई कर रहे दो श्रमिक पांचवीं मंजिल से नीचे जा गिरे। मंगलवार दोपहर हुए हादसे में एक की मौत हो गई।
वहीं एक श्रमिक का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घायल श्रमिक की शिकायत पर दो ठेकेदारों के खिलाफ लापरवाही व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला था अवधेश
मृत श्रमिक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के कालेसर गांव के रहने वाले 30 वर्षीय अवधेश के रूप में की गई। बताया जाता है कि अवधेश यहां गुरुग्राम में रहकर श्रमिक का काम करते थे। उन्हें कुछ दिन पहले इस बिल्डिंग के बाहरी हिस्से की पुताई करने का काम मिला था।
इनके साथ रणविजय भी काम में लगे थे। अवधेश जहां छत की रेलिंग पर रस्सी पकड़ कर बैठे थे तो रणविजय छत के बाहरी हिस्से में रस्सी के सहारे उतरकर पुताई कर रहे थे। इसी दौरान रस्सी पर नियंत्रण खोने से दोनों साथी पांचवीं मंजिल से नीचे जा गिरे।
घायल श्रमिक रणविजय ने पुलिस को दी शिकायत
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों श्रमिकों को अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान मंगलवार रात अवधेश ने दम तोड़ दिया। घायल श्रमिक रणविजय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि ठेकेदार ने बिना सुरक्षा उपकरण के उन्हें काम पर लगाया था। इसलिए यह हादसा हुआ।
शिकायत पर सुशांत लोक थाना पुलिस ने ठेकेदार अतुल और तवरेज आलम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। |
|