कोहरे की वजह से उड़ानों पर असर। एएनआई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश भर में कड़ाके की ठंड के बीच मंगलवार सुबह राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के शहरों में कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए तो वहीं उड़ानों और ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है। दिल्ली को आने वाली कई ट्रेनें लेट चल रही हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 343 दर्ज किया गया, जो कि बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी कम रही।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को सुबह कहीं कहीं हल्का कोहरा हो सकता है। दिन में आसमान रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो तीन दिनों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा और कई स्थानों पर मध्यम कोहरा छा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के दूर चले जाने के बाद न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान यह छह से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।”
सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था। जबकि न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 100 से 61 प्रतिशत तक रिकार्ड किया गया।
घना कोहरा और शीतलहर की चपेट में रेवाड़ी जिला
रेवाड़ी जिले में मंगलवार को रेवाड़ी में दिन की शुरुआत घना कोहरा और शीतलहर के साथ हुई। दो दिन से कोहरा से राहत थी लेकिन सोमवार रात से कोहरा आरंभ हुआ जो मंगलवार को सुबह गहरा होता गया। इसके साथ ठिठुरन भी ज्यादा है। ठिठुरन के चलते लोग अलाव तापकर सर्दी से बचाव का प्रयास कर रहे हैं। सोमवार को दिन 11 बजे के बाद धूप निकली थी। मंगलवार को भी जल्द धूप निकलने के आसार नहीं दिख रहे।
सोमवार को दिन में सर्द हवा चलने से धूप निकलने के बावजूद अधिकतम 18 तो न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस तापमान था। इससे पहले रविवार को अधिकतम 18.5 और न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस था।
बिना वर्षा के बीत गया दिसंबर
इस साल दिसंबर माह में एक दिन भी वर्षा नहीं हुईं। जनवरी माह के शुरुआत के छह दिन भी सूखा ही बीता है। नवंबर के प्रथम सप्ताह से ही शुष्क और कड़ाके की सर्दी पड़नी आरंभ हुई थी। अभी कोहरा के साथ ओस की अधिकता के कारण बूंदाबांदी की जैसी है स्थिति बनी हुई है। कोहरा के चलते वाहन धीमी गति से चलते रहे।
घना कोहरा के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। अधिकांश रेलगाड़ियां निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं। इनमें बिहार, उत्तरप्रदेश, असम, हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाली रेलगाड़ियां ज्यादा हैं। |
|