search

यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड से जानकीचट्टी तक चौड़ीकरण कार्य युद्ध स्तर पर जारी, जाम की समस्या से मिलेगी निजात

Chikheang 2026-1-6 08:26:55 views 847
  

यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड से जानकीचट्टी के बीच इस तरह चल रहा चौड़ीकरण कार्य



जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। आगामी चारधाम यात्रा सीजन में तीर्थयात्रियों को यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड से जानकीचट्टी तक जाम की परेशानी से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। चारधाम सड़क परियोजना में हाईवे के उक्त करीब 21 किमी हिस्से में चौड़ीकरण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

वर्तमान समय में निर्माण कंपनी ने करीब दस किमी तक कटिंग कार्य पूरा कर लिया है यात्रा सीजन तक इसके कुल 15 किमी तक पूरा होने की उम्मीद है।

बता दें कि केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी चारधाम ऑलवेदर सड़क परियोजना में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौड़ीकरण कार्य धरासू से अलग-अलग हिस्सों में पालीगाड तक ही हो पाया था। पालीगाड से जानकीचट्टी के मध्य हाईवे काफी संकरा होने से यात्रा सीजन में जाम की समस्या रहती थी।

इस कारण तीर्थयात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ती थी। लेकिन गत वर्ष लंबे इंतजार के बाद पालीगाड से जानकीचट्टी के बीच चौड़ीकरण कार्य शुरू हुआ है। लगभग 158 करोड़ रुपए की लागत से हो इस कार्य के लिए निर्माण कंपनी की ओर से करीब 18 पोकलैंड मशीनें कटिंग कार्य पर लगायी गई हैं।

कटिंग के साथ ही साथ सुरक्षात्मक कार्य भी किये जा रहे हैं। इससे आगामी यात्रा सीजन में पालीगाड से जानकीचट्टी के मध्य हाईवे संकरा होने से बनने वाली जाम की स्थिति से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

हालांकि इस कार्य के लिए निर्माण कंपनी को करीब 30 माह का समय मिला हुआ है, जिसमें कटिंग के साथ सुरक्षात्मक कार्य भी होने हैं। वहीं, निर्माण पूरा होने के बाद निर्माण कंपनी पर ही पांच वर्ष तक इसके अनुरक्षण याने कि रखरखाव व मरम्मत की जिम्मेदारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- वाहन बुकिंग की फर्जी वेबसाइट बनाने वालों की खंगाली जाएगी कुंडली, 4 को नोटिस जारी; देना पड़ सकता है भारी जुर्माना

सबसे पहले डेंजर जोनों पर हुआ काम

आगामी चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की सुविधा की दृष्टि से सबसे पहले डेंजर प्वाइंट कृष्णाचट्टी, नारद चट्टी, जानकीचट्टी व रानाचट्टी आदि स्थानों पर कटिंग व सुरक्षात्मक कार्य किये जा रहे हैं। इससे यात्रा काल में तीर्थयात्रियों को डेंजर जोनों में असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।



पालीगाड से जानकीचट्टी तक कुल 20.726 किमी क्षेत्र में चौड़ीकरण होना है। इसमें 10 किमी तक कटिंग कार्य कर लिया गया है। आगामी यात्रा सीजन तक 15 किमी तक कटिंग कार्य कर सुरक्षात्मक कार्य करने का लक्ष्य है। चौड़ीकरण के बाद 7 मीटर तक ब्लैक टॉप सहित कुल सड़क की चौड़ाई 10 से 11 मीटर तक हो जाएगी। इससे काफी हद तक तीर्थयात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।


                                                         गोल्लापल्ली श्रीनिवासुलु रेड्डी, प्रोजेक्ट मैनेजर निर्माण कंपनी।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167845