पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपित।
जागरण संवाददाता, आगरा। सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता में तांबे की फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे में ही पर्दाफाश कर दिया। सोमवार रात पुलिस ने चार बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
तांबा फैक्ट्री में चोरी करने वाले चार बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक घायल
रविवार रात चोरों ने रुनकता क्षेत्र स्थित एक तांबे की फैक्ट्री में घुसकर बड़ी मात्रा में तांबा चुरा लिया था। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने पर्दाफाश को थाना सिकंदरा से विशेष टीम गठित की। टीम ने सोमवार रात अटूस गांव के पास अंशल कॉलोनी में बदमाशों की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की गोली में हुआ घायल
पुलिस की तरफ से की जवाबी फायरिंग में केके नगर निवासी दीपक झारखंडी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अन्य तीन साथियों सिकंदरा के शिवकुंज निवासी गौरव, केके नगर निवासी अमित वर्मा और वहीं के कन्हैया को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और चोरी का लगभग 90 किलोग्राम तांबा बरामद किया है। |
|