search

Jharkhand Weather Update: सर्दी का सितम जारी, सर्वाधिक कंकंपी कांके में, अभी छाया रहेगा घना कोहरा

cy520520 2026-1-4 04:56:20 views 902
  

सड़कों पर घना कोहरा ।



जागरण संवाददाता, रांची/कांके। जिले में ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में कोहरे का असर देखने को मिला। पूरे राज्य में सबसे कम कांके का 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित तो कर दिया है लेकिन युवावर्ग का इसका भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। शीतलहर के बावजूद शहर के पार्कों में भीड़ देखने को मिल रही है। हालांकि, शनिवार को दिनभर रांची में आंशिक बादल छाए रहे, जिस कारण धूप का असर नहीं हुआ और लोगों को कनकनी का सामना करना पड़ा।

कांके क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। बीते 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा लेकिन ठंडी हवा और गिरते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

वर्षा नहीं होने से वातावरण में नमी कम रही, परंतु 2.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह और देर शाम सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव, गर्म कपड़ों और धूप का सहारा लेते नजर आए।

स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतते देखा गया। स्थानीय बाजारों में गर्म कपड़े, स्वेटर और ऊनी शाल की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है, ऐसे में सतर्कता और सावधानी आवश्यक है।
छाया रहेगा कोहरा :

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में कहीं कहीं पर हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस कांके का रिकार्ड किया गया।

वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 4 और 5 जनवरी को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज के अलावा उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार और निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 5, 6 और 7 जनवरी को तापमान में धीरे धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। ऐसे में ठंड बढ़ने के आसार लगातार बढ़ रहे हैं।  
अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान

  • 4 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस
  • 5 जनवरी : अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस
  • 6 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस
  • 7 जनवरी : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस

स्कूली बच्चों की बढ़ी है परेशानी

ठंड के कारण स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। शहर में खुले कुछ स्कूलों के बच्चों को सुबह सुबह स्कूल जाने की जल्दबाजी रहती है। ऐसे में अहले सुबह उन्हें जगना पड़ता है। सुबह सुबह अत्यधिक ठंड रहने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें कि डीएवी समूह के अधिकांश स्कूल खुल चुके हैं जबकि कई स्कूल 5 और 6 जनवरी तक खुल जाएंगे। कैंब्रियन स्कूल 5 जनवरी को, संत माइकल्स स्कूल न्यू अशोकनगर 6 को, जेवीएम श्यामली 7 जनवरी को, एजी चर्च स्कूल 5 को जबकि जूनियर सेक्शन के लिए 12 जनवरी को, संत माइकल्स स्कूल पुंदाग 6 जनवरी को, यूरोकिड्स स्कूल मोरहाबादी और कांके 6 जनवरी को, लाला लाजपत राय बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल पुंदाग 5 जनवरी को खुलेंगे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162230