search

रांची में किडनी ट्रांसप्लांट की राह आसान, रिम्स और राज अस्पताल को जल्द मिलेगी मंजूरी

cy520520 2026-1-3 18:57:10 views 1240
  

रांची रिम्स।(जागरण)  



राज्य ब्यूरो, रांची। सभी कुछ ठीक-ठाक रहा तो बहुत जल्द राजधानी रांची में ही किडनी मरीजों का किडनी ट्रांसप्लांट हो सकेगा। इसके लिए अब दूसरे राज्यों के अस्पतालों पर निर्भर रहना नहीं पड़ेगा।

राज्य के दो अस्पतालों रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) एवं राज अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी चल रही है। बाद में चरणबद्ध ढंग से अन्य अस्पतालों में भी इसकी व्यवस्था हो सकती है।

रिम्स तथा राज अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट को लेकर स्वास्थ्य विभाग में नौ जनवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे आर्गन ट्रांसप्लांट एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुलाई गई है।

विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में होनेवाली इस बैठक में दोनों अस्पतालों को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पंजीकरण एवं लाइसेंस प्रदान किए जाने पर विचार किया जाएगा।

बताते चलें कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत किडनी ट्रांसप्लांट की अनुमति से पूर्व निदेशक प्रमुख-स्वास्थ्य सेवाएं की अध्यक्षता में एक तकनीकी समिति का गठन किया जाता है।

यह समिति दोनों अस्पतालों का स्थल निरीक्षण कर वहां उपलब्ध बुनियादी ढांचे, विशेषज्ञ फैकल्टी, नेफ्रोलाजी एवं यूरोलाजी सेवाएं, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, ब्लड बैंक सहित अन्य आवश्यक संसाधनों का विस्तृत आकलन करती है। निरीक्षण के बाद यह समिति अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंप दी है।

तकनीकी समिति की रिपोर्ट के आधार पर एडवाइजरी कमेटी यह निर्णय लेती है कि संबंधित अस्पताल सभी निर्धारित मानकों एवं अर्हताओं को पूरा करता है या नहीं। मानकों की पूर्ति होने की स्थिति में किडनी ट्रांसप्लांट का लाइसेंस जारी करने का निर्णय किया जाता है।

इधर, स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि रिम्स में किडनी ट्रांसप्लांट सेवा शुरू होने से राज्य के किडनी रोगियों को इलाज के लिए बाहर के राज्यों में जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी तथा झारखंड में उन्नत चिकित्सा सेवाओं को नया आयाम मिलेगा।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161376