search

पहिये से चिंगारी निकलने पर 10 मिनट रुकी आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, मची अफरातफरी

cy520520 2026-1-3 16:57:27 views 534
  



जागरण संवाददाता, औरैया। ब्रेक-शू जाम होने से दो कोच के पहिये से निकली चिंगारी व उठे धुएं पर अछल्दा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर डाउन लाइन में पुरी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेन 10 मिनट रोकनी पड़ी। घटना शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है।

जानकारी पर पहुंचे रेलकर्मियों ने ब्रेक-शू को अलग करते हुए ट्रेन को कानपुर के लिए रवाना किया। इस बीच यात्री परेशान नजर आए। वहीं, नेताजी एक्सप्रेस को प्लेटफार्म एक की लूप लाइन से पास कराया गया।

ट्रेन संख्या 12816 पुरी–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस इटावा से निकलने के बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में लोको पायलट को इंजन से दूसरे व तीसरे कोच के ब्रेक-शू में दिक्कत महसूस हुई।

सुरक्षा के मद्देनजर लोको पायलट ने गार्ड को सूचना देकर कंट्रोल रूम को जानकारी दी। ट्रेन को अछल्दा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान पहुंचे।

स्टेशन स्टाफ भी आ गया। कैरिज एंड वैगन की टीम पहुंची और ब्रेक-शू को जांचा तो धुआं उठने के साथ गंध आ रही थी। वहीं, स्टेशन पर दूसरी ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्रियों ने बताया कि पहियों से चिंगारी उठने से धुआं उठा। दिक्कतों को दूर कर ट्रेन 12.40 बजे गंतव्य के लिए रवाना कराई गई।

ट्रेन के सुरक्षित प्रस्थान के बाद रेलकर्मियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना के संबंध में स्टेशन मास्टर ने बताया कि ब्रेक-शू जाम होने से समस्या हुई। समय रहते दिक्कत को दूर करा दिया गया।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह से घटना के संबंध में जानकारी करनी चाही तो उन्होंने काल रिसीव नहीं की।
बिना टिकट दो लोगों को पकड़ा

अछल्दा: अछल्दा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट दो लोगों को यात्रा करते पकड़ा गया। गाड़ी संख्या 64588 टूंडला–कानपुर पैसेंजर निर्धारित समय से करीब एक घंटे 30 मिनट देरी से सुबह 11: 25 बजे अछल्दा स्टेशन पर पहुंची थी।

ट्रेन के रुकते ही चेकिंग के दौरान टिकट निरीक्षक जटाशंकर गुप्ता ने पैसेंजर ट्रेन से उतरे यात्रियों की टिकटों को जांचा। इस दौरान दो यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। 840 रुपये शुल्क (जुर्माना) वसूला गया। संसू
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162924