गंगाजल न मिलने से ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बढ़ गई पानी की परेशानी
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद जनपद के साहिबाबाद में गंगाजल की आपूर्ति बंद होने के बाद ट्रांस हिंडन क्षेत्र में पेयजल की समस्या बढ़ गई है। नगर निगम अपने संसाधनों से पेयजल की आपूर्ति करा रहा है लेकिन, एक ही समय लोगों को पानी मिल पा रहा है। ऐसे में लोग बोतलबंद पानी खरीदकर काम चला रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वैशाली निवासी योगेश प्रकाश ने बताया कि नगर निगम से सुबह के समय पेयजल की आपूर्ति की जा रही है लेकिन काफी कम समय के लिए पानी आता है। 10 से 15 मिनट आपूर्ति होने से पानी टंकी में भी नहीं भर पा रहा है।
कौशांबी निवासी रितेश जैन ने बताया कि गंगाजल की आपूर्ति बंद होने से सोसायटी में रहने वाले लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। सोसायटी में ऊपरी मंजिल पर पानी नहीं पहुंचता है। इंदिरापुरम में भी लोगों ने कम दबाव से भूजल आपूर्ति की शिकायत की है। वैशाली, कौशांबी, इंदिरापुरम समेत डेल्टा कॉलोनियों में करीब 20 दिन के लिए गंगाजल की आपूर्ति बंद रहेगी।
इसके लिए पहले ही लोगों को सूचित किया जाता है। जल निगम के मुख्य अभियंता ब्रह्मानंद ने बताया कि वर्षा के बाद गंगनहर से सिल्ट की सफाई के लिए सिंचाई विभाग से सूचना मिलती है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में दीपावली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकना चुनौती, पिछली बार 77 नमूनों में से 38 नमूने मिले थे फेल
उन्होंने बताया कि दिवाली तक लोगों को गंगाजल की आपूर्ति होने की उम्मीद है। नगर निगम जलकल के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि भूजल की आपूर्ति सभी जगह दी जा रही है। आगे जिन इलाकों में ज्यादा परेशानी आएगी, वहां टैंकर भेजकर जलापूर्ति कराई जाएगी। |