search

नए साल का हुआ आगाज, हैप्पी न्यू ईयर शोर से गूंजा शहर, नव वर्ष पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन को उमड़े भक्त

deltin33 2026-1-1 03:26:51 views 534
  



जागरण संवाददाता, मीरजापुर। बुधवार की रात घड़ी की सुई जैसे ही 12 पर पहुंची, विंध्य नगरी नववर्ष के जश्न में डूब गया। चहुंओर हैप्पी न्यू ईयर की गूंज रही। नए वर्ष के आगाज पर एक-दूसरे को बधाई व शुभकामनाएं दी गईं। नगर के होटलों, रेस्टूरेंटों व घरों में नववर्ष का जश्न मनाया गया, जहां गीत-संगीत की धूम रही। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

नववर्ष के मद्देनजर बाजार सुबह से देर रात तक गुलजार रहे। उपहार देने के लिए डायरी, पेन, गुलाब के फूल सहित विविध प्रकार के उपहारों की जमकर खरीदारी की गई। ग्रीटिंग्स कार्ड की भी खूब बिक्री हुई। विंध्याचल धाम मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने धाम परिसर व घाट आदि का निरीक्षण कर सुरक्षा की तैयारियों को परखा।

नगर मजिस्ट्रेट को बैरिकेडिंग व पुलिस व्यवस्था चुस्त रखने के निर्देश दिए। एडीएम वित्त व राजस्व अजय सिंह, डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव, ईओ जी लाल के साथ गंगा घाट पर चल रहे निर्माण कार्य के प्रगति का जायजा लिया। कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। भिस्कुरी स्थित ईवीएम व वीवी पैट गोदाम का जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कंट्रोल रुम व सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिला महामंत्री भाजपा गिरीश दूबे, अनीस खान सपा, मनबोध दुबे आम आदमी पार्टी, संतोष सोनी रहे।

एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मां विंध्यवासिनी मंदिर की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों व दो कंपनी पीएसी तैनात की गई है। ड्रोन कैमरे से निगाह रखी जाएगी। क्यूआरटी भी लगाई गई है। सीओ सिटी विवेक जावला ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। विंध्याचल मंदिर परिसर की अत्याधुनिक स्वीपिंग मशीन से साफ-सफाई की गई। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने बताया कि स्वीपिंग मशीन से सफाई तीव्र गति से अच्छी तरीके से हो रही है।


विंध्याचल में घाटों पर की गई बैरिकेडिंग

नव वर्ष पर विंध्याचल धाम सहित गंगा घाटों पर नगर पालिका परिषद की ओर से मुकम्मल प्रबंध किए गए हैं। ईओ जी लाल ने बताया कि पक्का घाट, दीवान घाट, अखाड़ा घाट सहित अन्य घाटों पर बैरिकेडिंग व महिलाओं को वस्त्र बदलने के लिए टेंट लगाया गया है। प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की गई है।

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर मां गंगा की भव्य आरती

नगर के पक्का घाट पर नव वर्ष की पूर्व संध्या पर बुधवार को गंगा आरती का आयोजन किया गया। अपर आयुक्त डा. विश्राम ने मां गंगा की भव्य आरती की। कार्यक्रम में लल्लू तिवारी, विभूति मिश्र, डा. शीला सिंह, सारिका चौरसिया, नितिन अवस्थी, अनिल यादव मौजूद रहे। संयोजन जय श्रीवास्तव ने किया। विंध्य हेरिटेज फाउंडेशन के द्वारा पद्मश्री स्व. अजिता श्रीवास्तव व गंगा सेवक आलोक मिश्र की स्मृति में समर्पित किया गया।

रानी सिंह, शिव लाल गुप्ता, सोफिया शैला श्रीवास्तव व अजित उपाध्याय की मनमोहक प्रस्तुति से पक्का घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने घाट के सौंदर्यीकरण का आश्वासन दिया। सभासद बाबा यादव विजय कृष्ण गर्ग, किशुन लाल पहलवान, गोवर्धन यादव रहे।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
471635