अशफाक उल्ला खां के बलिदान स्थल पर लहराएगा 30 मीटर ऊंचा तिरंगा।
संवाद सूत्र, अयोध्या। जिला कारागार परिसर में स्थित वीर क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां के बलिदान स्थल को और भव्य व आकर्षक रूप दिया जाएगा। यहां 30 मीटर ऊंचा तिरंगा झंडा लहराने के साथ ही मौसम की प्रतिकूलता से संरक्षण के लिए वृहद क्षेत्र में केनोपी लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
शनिवार को जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र ने जिला जज रणंजय कुमार वर्मा को जानकारी दी।
जिला जज रणंजय कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल वर्मा एवं जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र के साथ कारागार का निरीक्षण किया।
उन्होंने बंदियों की स्थिति, पाठशाला, रसोईघर की साफ-सफाई, भोजन व पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। किशोर बैरक में बच्चों से संवाद किया।
जेल अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। शीतलहर को देखते हुए कंबल व अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। |