LHC0088 • 2025-12-19 15:06:55 • views 970
जागरण संवाददाता, कन्नौज। झारखंड से कोयला लादकर बिहार लेकर जा रहे चालक ने कोहरा अधिक होने के कारण ग्रीनफील्ड हाईवे पर ट्रक रोक लिया, तभी अल्टो कार से आए तीन चोरों ने राफी से आयल टंकी का लाक तोड दिया और डीजल चोरी करने लगे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
जब ट्रक चालक ने झपटकर चोर को पकड़ना चाहा तो उसने चालक को गोली मार दी। गोली चालक के सीने के निचले हिस्से को छूकर निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अल्टो कार सवार तीन युवक छिबरामऊ की तरफ भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
बिहार के जनपद गया के सहदेव खाप निवासी 45 वर्षीय मो. अजीउद्दीन खान उर्फ गोरा पुत्र करीमुल्ला खां अपने साथ परिचालक वहीद आलम पुत्र मो. रफीक के साथ ट्रक पर कोयला लादकर झारखंड से बिहार जा रहा था।
शुक्रवार की सुबह साढ़े चार बजे कोहरा अधिक होने के कारण चालक ने ट्रक को गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर सिकंदरपुर अंडरपास के ऊपर रोक लिया और कोहरा छंटने का इंतजार करने लगा। कुछ देर इंतजार के बाद कोहरा नहीं छंटा तो दोनों ट्रक में ही सो गए। ट्रक के पीछे दूसरा भी ट्रक खड़ा हुआ था।
सुबह सात बजे के करीब एक युवक ने ट्रक की केबिन का शीशा खटकाया तो चालक व परिचालक जाग गए। युवक हाथ में बंदूक लिए था और उसने चालक व परिचालक को उठने पर गोली मार देने की धमकी दी। चोरों ने राड से टंकी का लाक तोड़ दिया और डीजल चोरी करने लगे।
एक युवक ने ट्रक के साइड शीशे को राड से तोड़ दिया और लगातार बंदूक ताने रहा। वारदात के दौरान एक चोर डीजल निकाल रहा था, दूसरा बंदूक चालक व परिचालक पर ताने था और तीसरा अल्टो कार को स्टार्ट किए खड़ा था।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद जब चोर चलने लगे तो चालक मो. अजीउद्दीन खान उर्फ गोरा ने झपटकर चोर को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने फायर झाेंक दिया। गोली गोरा के सीने के निचले हिस्से को छूकर निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अल्टो सवार तीनों युवक छिबरामऊ की तरफ भाग निकले।
वारदात की सूचना पाकर सिकंदरपुर चैकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंच गए और घायल चालक को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में तिर्वा स्थित डा. भीमराव रामजी आंबेडकर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस चैकी से एक किलोमीटर दूर दिया वारदात को अंजाम
अल्टो सवार युवकों ने ट्रक से डीजल चोरी और चालक को गोली मारने की वारदात को गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर सिकंदरपुर पुलिस चैकी से महज एक किलोमीटर दूर अंजाम देकर पुलिस के इकबाल को चुनौती दी है। हांलाकि ग्रीनफील्ड हाईवे पर हुई इस वारदात से एक बार फिर पुलिस गश्त की पोल खुल गई है।
घटनास्थल पर पड़ा मिला कारतूस का खोखा
ट्रक चालक को गोली मारने के बाद अल्टो सवार मौके से भाग निकले। वारदात के बाद कारतूस का खाली खोखा भी ग्रीनफील्ड हाईवे पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने इस खाली खोखे को अपने कब्जे में ले लिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोग दहशत में हैं। |
|