पंजाब में मौसम का कहर, बारिश से किसान परेशान। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, लुधियाना। रविवार सुबह एकाएक मौसम बदल गया। सुबह पांच बजे तेज हवाएं चलना शुरू हो गईं। इसके बाद वर्षा शुरू हो गई। वर्षा सुबह लगभग सात बजे तक रुक-रुककर जारी रही।
वर्षा के चलते तापमान गिर गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री तो न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया है। इस दौरान 4.4 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 48 घंटे के दौरान वर्षा होने की प्रबल संभावना है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार सात अक्टूबर तक पंजाब में तेज हवाओं के बीच वर्षा की संभावना है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। आठ अक्टूबर से मौसम साफ हो जाएगा।
उधर, वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को डर है कि अगर भारी वर्षा होती है, तो धान की फसल खराब हो जाएगी। वहीं मंडियों में पहुंच चुकी धान की फसल भीग रही है, जिसे दोबारा सुखाने के लिए मशक्कत करनी होगी। |