पुरवा हवा ने बढ़ाया कोहरा, शून्य मीटर तक पहुंच गई दृश्यता। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कड़ाके की ठंड ने गोरखपुर में समय से पहले दस्तक दे दी है। कोहरे का साथ पाकर दिसंबर के दूसरे पखवारे में प्रवेश के साथ ही गलन बढ़ा दी है। एक से 18 दिसंबर तक के मौसम की बात करें तो बीते 14 वर्ष के ठंड का रिकार्ड टूट गया है। 2011 के बाद पहली बार सर्वाधिक कम अधिकतम तापमान रिकार्ड हुआ है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
गुरुवार को गोरखपुर का तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि दिसंबर 2011 में 18 तारीख का अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बीते दो दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान का मूल्यांकन करें तो इसमें सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मात्र दो दिन पहले बीती 16 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था।
गोरखपुर में वर्तमान में ठंड की स्थिति क्या है, इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि गुरुवार को गोरखपुर ठंड के लिए मानक माने वाले शहर शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा। शिमला का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय मौसम के इस रुख की वजह पूर्वी उत्तर प्रदेश में सतह से 7000 फीट तक चल रही पुरवा हवा को बता रहे है। उनके अनुसार पुरवा हवा के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बंगाल की खाड़ी की नमी पहुंच रही है। इससे कोहरे के निर्माण की स्थिति बन रही है। आर्द्रता के प्रतिशत के 97 प्रतिशत पहुंच जाने और 87 प्रतिशत से नीचे न आने के कारण गुरुवार को गोरखपुर की दृश्यता कई बार शून्य तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें- साढ़े सात घंटे लेट हुई देहरादून एक्सप्रेस तो स्टेशन से वापस हो गए यात्री, साढ़े पांच घंटे देरी से गोरखपुर पहुंची गोरखधाम
ज्यादातर समय 50 मीटर के आसपास रही। गुरुवार का अधिकतम तापमान मौसम विभाग के मानक के अनुसार सीवियर कोल्ड-डे कहा गया। जिस दिन अधिकतम तापमान औसत से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड होता है तो उस दिन को सीवियर कोल्ड-डे करार दिया जाता है। गुरुवार को गोरखपुर का अधिकतम तापमान औसत से 7.2 डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड हुआ। न्यूनतम और अधिकतम तापमान मेंं मात्र 6.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा, ऐसे में दिन और रात दोनों समय गलन महसूस की गई।
अगले दो दिन रहेगी मौसम की यही स्थिति
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय ने बताया कि अगले दो दिन तक पुरवा हवा के चलते रहने का क्रम जारी रहेगा। ऐसे में गोरखपुर और आसपास का क्षेत्र घने कोहरे के प्रभाव में रहेगा। अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड होगा। ऐसे में दिन मेंं धूप का दर्शन न होने और दिन और रात दोनों समय गलन भरी ठंड पड़ते रहने का पूर्वानुमान है। |
|