सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सहयोगी, जागरण डोईवाला (देहरादून): देहरादून जिले के गडूल ग्राम पंचायत के केमट गांव में गुरुवार को महिला पर भालू ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
गडूल ग्राम पंचायत के केमठ गांव में भालू के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गांव की निवासी सुशीला भंडारी (45) पत्नी रणवीर सिंह भंडारी पर उस समय भालू ने हमला कर दिया, जब वह खेत में घास लेने गई थीं। अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र रावत, ग्राम प्रधान स्वीटी रावत ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग द्वारा अभी तक कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। |