cy520520 • 2025-12-17 15:37:19 • views 1063
रिसेप्शन में उप मुख्यमंत्री सम्राट को झारखंड के कांग्रेसी स्वास्थ्य मंत्री मिले
राज्य ब्यूरो, पटना। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के बेटे के विवाह उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम राजनीतिक हलकों में चर्चा में है। इस मौके पर देश की राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। अलग-अलग दलों और राज्यों के नेताओं की मौजूदगी ने इस समारोह को महज पारिवारिक आयोजन से आगे बढ़ाकर एक अहम राजनीतिक मेल-मिलाप का अवसर बना दिया। रिसेप्शन में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को झारखंड के कांग्रेसी स्वास्थ्य मंत्री की नसीहत मिली, इराफान अंसारी ने बिहार के उप मुख्यमंत्री से कहा कि बुलडोजर एक्शन रोक दीजिए। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इरफान अंसारी ने इस मुलाकात की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया में साझा की है। एक्स पर लंबा पोस्ट लिख सम्राट को दिए नसीहत के साथ ही एक राजनीतिक संदेश भी दिया। अंसारी ने बताया है कि इस दौरान उन्होंने बिहार में हाल के दिनों में चर्चा में रहे बुलडोजर एक्शन के मुद्दे पर सम्राट चौधरी से बातचीत की।
विदित है कि बिहार में पहली बार सम्राट चौधरी को गृह विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उनके पास गृह विभाग आते ही राज्य के विभिन्न हिस्सों से बुलडोजर एक्शन की खबरें सामने आ रही हैं।
इन्हीं घटनाओं को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच राजनीतिक बहस तेज है। ऐसे में इरफान अंसारी द्वारा सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बातचीत का जिक्र करना राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इरफान अंसारी ने एक्स पर लिखा कि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार उनके लिए अभिभावक समान हैं और उनके पुत्र के विवाह समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात हुई।
मैंने साफ शब्दों में कहा कि “बुलडोजर की भाषा नहीं, भाईचारे और संवाद की भाषा अपनाइए।” अंसारी ने यह भी कहा कि समाज को जोड़ने का काम राजनीति की मूल जिम्मेदारी होनी चाहिए।
अंसारी ने अपने संदेश में दोनों नेताओं के पारिवारिक और राजनीतिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके और सम्राट चौधरी के पिता ने साथ मिलकर काम किया है और दोनों परिवारों के बीच पुराना संबंध रहा है।
इसी संदर्भ में उन्होंने आग्रह किया कि जिस तरह झारखंड में समाज को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, उसी तरह बिहार में भी जोड़ने की राजनीति होनी चाहिए, न कि तोड़ने की।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने उत्तर प्रदेश माडल का जिक्र करते हुए कहा कि \“उत्तर प्रदेश की नकल बिहार में नहीं चलेगी।\“ उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता ऐसी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करती जो समाज में विभाजन पैदा करे।
अंसारी के अनुसार, देश और राज्यों की प्रगति के लिए सद्भाव, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द का रास्ता ही सबसे बेहतर है।
तस्वीरों में सम्राट चौधरी और इरफान अंसारी के बीच गर्मजोशी साफ दिखाई दी।
दोनों नेता हाथ मिलाते हुए मुस्कुराते नजर आए, जिससे यह संदेश भी गया कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद व्यक्तिगत रिश्तों और संवाद की अहमियत बनी हुई है। |
|