LHC0088 • 2025-12-15 10:06:49 • views 1234
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पुलिस के कड़े तेवर के बावजूद अराजक तत्वों का दुस्साहस कम नहीं हो रहा। पीआरवी के एक दारोगा और दीवान पर शनिवार रात दो सगे भाइयों ने हमला कर दिया। दोनों को लाठी-डंडे से इतना पीटा गया कि दारोगा का सिर फट गया, जबकि दीवान के हाथ-पैर और कंधे में गंभीर चोट आई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज उन्हें गिरफ्तार कर लिया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दारागंज क्षेत्र एक व्यक्ति अपने परिवार के किसी सदस्य को चाकू से मारने की कोशिश कर रहा था। किसी ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। खबर मिलते ही पीआरवी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना के नांदी तौरा गांव का राजा वाल्मीकि हाथ में चाकू लेकर अपशब्द कह रहा था। वह नशे में था।
पुलिसकर्मियों की तरफ दौड़ा और किया हमला
पीआरवी के दारोगा हितेंद्र और दीवान राहुल कुमार श्रीवास्तव ने उसे पकड़ लिया। उसी समय अचानक राजा का भाई शिवमोहन वाल्मीकि लाठी लेकर पुलिसकर्मियों की तरफ दौड़ पड़ा और हमला कर दिया। राजा भी पुलिसकर्मियों पर टूट पड़ा। शिवमोहन पुलिसकर्मियों पर बेतहाशा लाठी चला रहा था।
दोनों पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे राजा व शिवमोहन को पकड़ लिया। दारोगा हितेंद्र सिंह की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर दारागंज ज्ञानेश्वर मिश्रा का कहना है कि आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। |
|