सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिलने से सनसनी (सांकेतिक फोटो)
संवाद सूत्र, जागरण, स्योहारा (बिजनौर)। मुरादाबाद रोड स्थित गांव महमूदपुर के पास रोड किनारे झाड़ियों में गुरुवार दोपहर एक महिला का शव मिला। जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष है, महिला की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि महिला के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं, शरीर पर जेवर भी मिले हैं। जिससे हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे कुछ राहगीर मुरादाबाद रोड पर गांव महमूदपुर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रोड किनारे गड्ढे में झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा देखा। सूचना पर एएसपी पूर्वी एके श्रीवास्तव, स्योहारा थानाध्यक्ष संजय कुमार टीम के साथ पहुंचे। टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी जांच की लेकिन शव के पास कोई सामान या पहचान संबंधी दस्तावेज आदि नहीं मिले। स्थानीय ग्रामीणों से भी महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष है।
हत्या की आशंका, शरीर पर मिले जेवर
स्थानीय ग्रामीणों से भी पहचान ना होने पर आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी अन्य क्षेत्र की थी। उसके शरीर पर काेई गंभीर चोट के निशान नहीं हैं, साथ ही शरीर पर कुछ जेवर अंगूठी, पायल, झुमके आदि भी मिले हैं। जिससे महिला के साथ लूटपाट की घटना की आशंका नहीं है।
महिला की गला दबाकर हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के गांवों में प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मुरादाबाद रोड पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा, महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। |