संवाद सहयोगी, नूंह। नूंह-फिरोजपुर मार्ग स्थित बड़कली चौक पर बुधवार को लगभग सवा तीन बजे लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। चौक पर जाम लगने के कारण नूंह की तरफ जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। यह एंबुलेंस मरीज लेकर जिला अस्पताल जा रही थी। हालांकि, जाम में एक पुलिस की गाड़ी दिखाई दे रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
काफी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे बाद पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर जाम को खुलवाया। तब जाकर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर आए दिन तीन बजे के करीब जाम लगना आम बात हो गई है। यहां पर लगाए गए कर्मी अक्सर गायब रहते हैं। बुधवार को नूंह की तरफ से एक एंबुलेंस वाहन मरीजों को लेकर करीब सवा तीन बजे बड़खली चौक पर पहुंची, लेकिन उसी दौरान यहा पर लंबा जाम लग गया।
खास बात यह है कि एंबुलेंस वाहन के सामने एक पुलिस का वाहन भी जाम में फंस गया। जब काफी समय तक जाम नहीं खुल पाया और एम्बुलेंस जाम में फंसी नजर आई तो उसके बाद एक दो पुलिस के जवान जरूर जाम को खुलवाने के लिए पहुंचे। जाम के बीच में फंसी एंबुलेंस को राहगीरों और आम लोगों की मदद से जाम से निकलवाया गया। इसके बाद एंबुलेंस अपने गंतव्य के लिए पहुंची।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बडकली चौक पर आए दिन इसी तरीके से जाम लगा रहता है। विदित रहे कि बडकली चौक को मेवात का केंद्र माना जाता है। यहां से मेवात के चारों तरफ वाहनों का आवागमन होता है जिसके कारण चौक पर ज्यादा ट्रैफिक होती है।
बड़कली चौक से सीधा जुड़ाव पुन्हाना, पिनगवां, नूंह, फिरोजपुर झिरका, नगीना आदि कस्बों और शहरों का है जिसके कारण चौक को केंद्र माना जाता है तभी यहां ट्रैफिक का ज्यादा भार देखने को मिलता है।
जागरण सुझाव
- बड़कली चौक पर यातायात संकेत देने वाली लाइटें लग जाएं तो जाम से निपटने में सहायता मिल सकती है।
- यातायात संकेत लग जाएं तो पुलिस को भी आसानी होगी और राहगीरों की यातायात भी सुगम व सुविधाजनक होगी।
- सांय के समय यहां पर स्कूली बच्चों की छुट्टी होती है, शहर की तरफ से अचानक बसें आतीं हैं इसलिए यहां पर स्कूली छुट्टी के समय पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था होनी चाहिए।
- कुछ लोगों ने सड़क साथ-साथ रेहड़ी लगाकर अतिक्रमण किया हुआ है, ऐसी रहेडियों को पीछे हटवाना चाहिए।
बुधवार को एक यात्रा के दौरान पुलिस चौक पर कम थी। स्कूल की बसों की वजह से थोड़ी देर के लिए जाम लगा था। कल से ही स्कूल की छुट्टी के समय यहां पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया दिया जाएगा। ताकि वाहनों का जाम न लगे। - सुखबीर सिंह, यातायात पुलिस इंचार्ज नूंह |