एक्स और फेसबुक लाइव पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ के पोस्ट।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। नमस्कार...नमस्कार...नमस्कारम। इस संबोधन के साथ फेसबुक लाइव की शुरुआत करते हुए लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने अपनी गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी।
अपने पति हिमांशु के साथ पोस्ट किए गए इस लाइव वीडियो में उन्होंने कहा कि मेरे मैनपुरी से गिरफ्तार होने की खबरें चल रही हैं। जबकि मैं बुधवार शाम 6.45 बजे अपने पति के साथ घर के बाहर रेस्तरां में बैठकर गरम पानी पीने का आनंद ले रही हूं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
न मैं फरार हुई हूं और न गिरफ्तार हुई हूं। आपके सामने हूं। मैं अपने प्रशंसकों और आलोचकों, दोनों को धन्यवाद देती हूं। आप जब भी नेहा सिंह राठौड़ का नाम की-बोर्ड पर लिखते हैं, मेरा नाम ही हाईलाइट होता है।
गिरफ्तारी की अफवाहों के बीच नेहा सिंह राठौड़ ने फेसबुक लाइव पर खंडन किया। साथ ही एक्स पर पोस्ट भी किया। लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ को लखनऊ एक्सप्रेसवे से मैनपुरी की करहल पुलिस द्वारा बुधवार शाम को गिरफ्तार करने की अफवाह तेजी से फैली थी।
उनके खिलाफ लखनऊ में मुकदमा दर्ज है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने भी इस गिरफ्तारी से इंकार किया। साथ ही नेहा सिंह राठौड़ ने भी एक्स पर अपनी गिरफ्तारी से इंकार करते हुए पोस्ट की।
दरअसल, नेहा सिंह राठौड़ ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कुछ पोस्ट की थीं। इसके खिलाफ अभय प्रताप सिंह ने लखनऊ स्थित हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज होने के बाद नेहा सिंह राठौड़ ने फिर से सरकार पर सवाल उठाए थे। इसके साथ ही 20 मई को वाराणसी में भी उनके खिलाफ 500 से अधिक शिकायतें आई थीं। इनमें आरोप लगाया गया कि नेहा सिंह राठौड़ ने अपने एक गाने में पीएम मोदी को जनरल डायर कहा है।
मैनपुरी के एसपी गणेश प्रसाद साहा ने भी गिरफ्तारी की बात को सिर्फ अफवाह बताया। वहीं नेहा सिंह राठौड़ ने फेसबुक लाइव पर जुड़े अपने प्रशंसकों का आभार जताया। |