जागरण संवाददाता, कानपुर। रावतपुर के आदर्श नगर में पारिवारिक कलह से तंग आकर महिला ने फंदा लगा जान दे दी। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रावतपुर के आदर्श नगर निवासी शिवमंगल सिंह के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहने वाले शुभम आटो चालक हैं। परिवार में 28 वर्षीय पत्नी मोनिका उर्फ मोना और दो बच्चे आयशा व रचित हैं। बुधवार शाम को कमरा बंद देख मकान मालिक ने शुभम और पुलिस को सूचना दी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
शुभम घर पहुंचे तो कमरे में मोनिका रस्सी के सहारे पंखे से लटकी मिली। आनन-फानन में वह फंदे से पत्नी को उतारकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर पहुंची रायपुरवा निवासी बहन पूनम ने शुभम पर आएदिन नशेबाजी को लेकर झगड़ा करने का आरोप लगाया। थानाप्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि आठ वर्ष पहले मोनिका और शुभम ने प्रेम विवाह किया था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला का फंदे पर लटका मिला शव
गजनेर क्षेत्र के ज्यूनिया गांव में बुधवार की दोपहर एक महिला का शव घर पर फंदे में लटका मिला। ससुरालियों ने आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने छानबीन की।
ज्यूनिया गांव निवासी राजवीर सिंह की शादी तीन वर्ष पहले 26 वर्षीय सलोनी के साथ हुई थी। बुधवार दोपहर घर के अंदर कमरे में पंखे के कुंडे से धोती के सहारे फंदे पर शव लटका मिला। थोड़ी देर बाद स्वजन की नजर पड़ी तो होश उड़ गए। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किया।
नायब तहसीलदार विक्रम ने जानकारी ली। सलोनी का 18 माह का एक बेटा भी है, वहीं राजवीर दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। वह अपने चाचा सूरत सिंह की तेरहवीं में शामिल होने 23 नवंबर को आया था और सोमवार को वापस चला गया।
वहीं, ससुरालियों ने आत्महत्या करने की बात कही है। पामा चौकी इंचार्ज शोभित कटियार ने बताया कि बीमार रहने का पता चला है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। |