जागरण संवाददाता, हमीरपुर। दो वर्षों से अलग रह रहे पति पत्नी को महिला थानाध्यक्ष गायत्री सिंह ने थाने में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र में समझौता कराते हुए एक बार फिर से थाने में वरमाला पहनाकर विदा किया। पिता के प्यार के लिए तरस रही मासूम बच्ची को भी पिता का प्यार मिल गया। इस समझौते के बाद परिवार की बिखरी खुशियां एक बार फिर से मिल गईं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
शादी के बाद से शुरू हुआ विवाद धीरे धीरे इतना बढ़ गया कि पति पत्नी दोनों एक दूसरे से अलग हो गए थे। शादी के बाद एक मासूम बच्ची भी हुई, लेकिन पति पत्नी के बीच विवाद के कारण उसे पिता का प्यार नहीं मिल पा रहा था।
जनपद महोबा के खन्ना गांव निवासी रोशनी ने इस संबंध में महिला थाने में पति मुन्ना के खिलाफ शिकायत की थी। बुधवार को महिला थानाध्यक्ष गायत्री सिंह ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और दोनों को समझाने का प्रयास किया।
महिला थानाध्यक्ष के समझाने पर दोनों पति पत्नी एक साथ रहने के लिए राजी हो गए, जिसके बाद दोनों ने थाने में ही एक दूसरे को माला पहनाई और मुंह मीठा कराया।
पति मुन्ना ने अपनी मासूम बच्ची को भी दुलार किया। इस मौके पर दोनों पक्ष के परिवार के लोग भी मौजूद रहे। जो बिछड़े परिवार के एक होने पर खुश नजर आए। |