cy520520 • 2025-11-26 13:06:55 • views 1041
साढ़े तीन लाख से जलेंगे अलाव और वितरित किए जाएंगे कंबल।
संवाद सूत्र, सीतापुर। बढ़ती ठंड के दृष्टिगत सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सभी जिलों को शासन की ओर से बजट आवंटित कर दिया गया है। जिले को राहत एवं बचाव के लिए 38 लाख की धनराशि जारी की गई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसमें साढ़े तीन लाख रुपये से अलाव जलवाए जाएंगे और जरूरतमंदों के लिए कंबलों की खरीदारी पर 35 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। जिला प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित फर्म के माध्यम से कंबलों की खरीद की जाएगी व तहसील की ओर से निर्धारित स्थलों पर अलाव जलवाए जाएंगे।
अलाव के लिए तहसीलों को मिले 50 हजार रुपये
जिला प्रशासन की ओर से अलाव जलवाने के लिए सभी तहसीलों को 50-50 हजार रुपये जारी किए हैं। इन रुपये से तहसील क्षेत्र के सार्वजनिक स्थल, ग्राम पंचायतों में अलाव जलवाए जाएंगे। वहीं, कंबलों को जिला मुख्यालय पर निर्धारित स्थल पर रखवाया जाएगा, जहां से प्रत्येक तहसील में कंबल भेजे जाएंगे।
मांगी गई अलाव स्थलों की सूची
जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों को पत्र जारी करते हुए तहसीलवार अलाव स्थलों की सूची मांगी गई है। इसके हिसाब से ही अलाव जलवाए जाएंगे, जिनका निरीक्षण समय-समय पर अधिकारी करते रहेंगे।
- जिले में 07 तहसीलें हैं।
- 50 हजार रुपये प्रत्येक तहसील को अलाव के लिए हुए जारी।
- 29 हजार के आसपास कंबल बीते वर्ष जिलेभर में वितरित हुए थे।
- 250 स्थलों पर अलाव बीते वर्ष तहसील प्रशासन की ओर से जलवाए गए थे।
शासन से कंबल व अलाव के लिए बजट आवंटित हो गया है। अगले माह से कंबल सभी तहसीलों को जिला मुख्यालय से उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जबकि अलाव के लिए राशि भेजी जा चुकी है। अलाव स्थलों की सूची भी मांगी गई है। -नीतीश कुमार, अपर जिलाधिकारी। |
|