प्रदेश कांग्रेस की बैठक प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में हुई, बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, पीसीसी के सदस्य, वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। जागरण
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पहली महत्वपूर्ण बैठक में व्यापक रणनीतिक पर मंथन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्यों, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में सत्तापक्ष को जमीनी मुद्दों पर घेरने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी में एकता बनाए रखने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। हालांकि पहली ही बैठक में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह बैठक में मौजूद नहीं रहे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
नेताओं ने पहाड़ के दर्द, बेरोज़गारी, महंगाई और पलायन जैसे मुद्दों को केंद्र में रखते हुए जनता की उम्मीदों और पार्टी की भूमिका पर अपने विचार रखे। बैठक में प्रेम बहुखंडी ने पांच प्रमुख प्रस्ताव रखे। इनमें सुरक्षित उत्तराखंड, आर्थिक, सामाजिक व पर्यावरणीय सुरक्षा, खुशहाल परिवार, स्वस्थ जीवन और सभी के लिए रोजगार व आय की गारंटी सम्मिलित हैं। इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से ‘मिशन 2027’ के रूप में स्वीकार किया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2027 का चुनाव उत्तराखंड के भविष्य का चुनाव है। यदि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर डट जाएं तो कोई ताकत पार्टी को रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दस वर्षों में जनता की उम्मीदें तोड़ी हैं और कांग्रेस हर बूथ पर नई ताकत के साथ उतरेगी। बूथ से ब्लाक और जिला तक, हर कार्यकर्ता को जीत की जिम्मेदारी निभानी होगी। कांग्रेस का संकल्प है जनता का भरोसा जीतना और उत्तराखंड को बेहतर सरकार देना।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अब पहचान नहीं छिपा नहीं सकेंगे वेंडर्स, क्यूआर कोड से खुलेंगे सारे पन्ने
उत्तराखंड की जनता बदलाव चाहती है: हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव चाहती है। जनता की तकलीफों और उपेक्षा को देखते हुए कांग्रेस को गांव-गांव, घर-घर तक अपने संगठन को फिर जिंदा करना होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ बड़े नेताओं को जमीनी स्तर पर जुड़ना होगा और खुद उनके घरद्वार तक जाना होगा।
मजबूत बूथ व एकजुट है नेतृत्व: हरक सिंह
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस की रणनीति स्पष्ट है, मजबूत बूथ, सशक्त कार्यकर्ता और एकजुट नेतृत्व। सहप्रभारी मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह कुंजवाल, हीरा सिंह बिष्ट व महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी विचार रखे। बैठक का संचालन सूर्यकांत धस्माना ने किया। |