विद्यापतिनगर में सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाते थानाध्यक्ष सूरज कुमार। जागरण
संवाद सहयोगी, विद्यापतिनगर (समस्तीपुर)। समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के बजरंगी चौक दलसिंहसराय मुख्य पथ पर बुधवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने एक बुजुर्ग को ठोकर मार दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बुजुर्ग को लगभग 10 मीटर तक घसीटता चला गया। घटनास्थल पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार सिंह (70) के रूप में हुई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने वृंदावन के पास बजरंगी चौक दलसिंहसराय मुख्य पथ को जाम कर दिया। इसके साथ ही लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बजरंगी चौक के पास हाइवा चालक ने अधेड़ को कुचल दिया।
हादसा इतना भयावह था कि हाइवा अरुण कुमार सिंह को करीब 10 मीटर तक घसीटती चली गई। वे विद्यापतिनगर से पैदल ही अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मृतक अपनी बेटी के यहां रहते थे। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर स्थानीय प्रशासन एवं आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ विरोध जताया।
कंस्ट्रक्शन कंपनी स्टाक प्वाइंट के सामने भी जमकर हंगामा किया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के उपरांत स्थानीय लोगों को शांत कराकर सड़क जाम समाप्त कराया।
समस्तीपुर जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसला युवक, पैर कटने से गंभीर रूप से घायल
समस्तीपुर । समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 04 पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक फिसल कर गिर गया, जिससे उसका पैर कट गया। मौके पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ को दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के पटसा गांव निवासी संजू कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरपीएफ जवानों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक ने बताया कि वह इलाहाबाद जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। घटना के बाद प्लेटफार्म पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। |
|